Darbhanga News: शहर में एलीवेटेड सड़क, पुल, रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), सड़क निर्माण सहित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुविधा को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. समाहरणालय में हुई बैठक की अध्यक्षता डीएम कौशल कुमार ने की. बैठक में निर्माण कार्यों के कारण संभावित जाम, सुरक्षा, वैकल्पिक मार्ग और निर्माण एजेंसियों के साथ प्रशासन के बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई.
निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा पर जोर
डीएम कौशल कुमार ने कहा कि शहर में आधारभूत संरचना के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है. इनके पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा.
उन्होंने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को निर्माण कार्य के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया.
बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने का निर्देश
डीएम ने निर्माण स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और यातायात संकेतक लगाने को कहा. रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि निर्माण स्थलों पर दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके.
पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करने और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया गया.
वैकल्पिक मार्ग की जानकारी समय पर देने पर जोर
निर्माण कार्यों के कारण किसी मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति में आमलोगों को वैकल्पिक मार्ग की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया. डीएम ने निर्माण कार्यों से उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ आमलोगों की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए.
शांति समिति के सदस्यों से समन्वय की अपील
डीएम ने जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन और आमजन के बीच समन्वयक की भूमिका निभाने की अपील की. बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया.
डीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
बैठक में अधिकारी और समिति सदस्य रहे मौजूद
बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, सदर एसडीओ कुमार गौरव, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: शिवराम पंचायत में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों ने PHED पर लगाया लापरवाही का आरोप
