नगर निगम बोर्ड बैठक में पहुंचीं डिप्टी मेयर नाजिया हसन, पुलिस पहुंचने से पहले निकलीं

दरभंगा नगर निगम की बोर्ड बैठक में डिप्टी मेयर नाजिया हसन की उपस्थिति ने सुर्खियां बटोरीं. छात्र आंदोलन के उपद्रव मामले में नामजद होने के बावजूद बैठक में शामिल होने और पुलिस के पहुंचने से ठीक पहले निकल जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

Darbhanga News: छात्र आंदोलन के बाद हुए उपद्रव मामले में नामजद आरोपी डिप्टी मेयर एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता नाजिया हसन शनिवार को दरभंगा नगर निगम की बोर्ड बैठक में शामिल हुईं. बैठक से संबंधित वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं. इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी 'मन्ना' समेत अन्य लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने की मांग की.

बताया जा रहा है कि पुलिस के आने की सूचना मिलने के बाद डिप्टी मेयर दोपहर करीब 1:15 बजे बोर्ड बैठक से निकल गईं.

शाम में नगर निगम पहुंची पुलिस

सूत्रों के अनुसार, शाम करीब चार बजे नगर थाना और विश्वविद्यालय थाना की पुलिस रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के साथ नगर निगम परिसर पहुंची. देर शाम तक पुलिस परिसर में मौजूद रही. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम डिप्टी मेयर के आवास पर भी पहुंची थी.

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं. नगर निगम बोर्ड की बैठक पूर्व निर्धारित थी और इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा प्रशासन को पहले से थी. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि बैठक की जानकारी पहले से थी तो पुलिस सुबह से ही नगर निगम परिसर में क्यों मौजूद नहीं थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि डिप्टी मेयर के बैठक से निकल जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई.

गंभीर धाराओं में दर्ज है प्राथमिकी

बताया जाता है कि छात्र आंदोलन के बाद हुए उपद्रव मामले में डिप्टी मेयर नाजिया हसन के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है. इसके बावजूद वह बोर्ड बैठक में शामिल हुईं. शिकायत मिलने के बाद पुलिस नगर निगम पहुंची, लेकिन तब तक वह वहां से जा चुकी थीं. इसके बाद शहर में इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई कि पुलिस के पहुंचने से पहले उन्हें इसकी जानकारी कैसे मिली. इस पूरे मामले पर पुलिस अधिकारियों ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.

नोट: इस संबंध में पुलिस या डिप्टी मेयर की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar raushan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >