गांव पहुंचा शव: दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के मनोर भौराम पंचायत के अम्बा गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त मातम पसर गया, जब 25 वर्षीय अभिमन्यु कुमार का शव एंबुलेंस से घर पहुंचा. अभिमन्यु की आठ सितंबर की सुबह कानपुर के पास ट्रेन से गिरकर मौत हो गई थी. वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर की परीक्षा देकर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से घर लौट रहा था.
कानपुर के पास हुआ हादसा
बताया जाता है कि अभिमन्यु स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से दिल्ली से घर लौट रहा था. आठ सितंबर की सुबह कानपुर के पास भाऊपुर और पनकीधाम स्टेशन के बीच वह चलती ट्रेन से गिर गया. हादसे में उसकी मौत हो गई.
शरीर की स्थिति के कारण पहचान करना मुश्किल हो गया था. रेलवे पुलिस ने उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की और परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग कानपुर के लिए रवाना हो गए.
एंबुलेंस से घर पहुंचा शव
गुरुवार 10 सितंबर की सुबह जब एंबुलेंस से अभिमन्यु का शव अम्बा गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद अम्बा के अलावा बैरमपुर, पचगछिया, अर्जुना, बिजुलिया समेत आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए.
अचानक हुई इस मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
गर्भवती पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल
अभिमन्यु की पत्नी सुमन देवी और मां सावित्री देवी का विलाप सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. परिजन बार-बार बेसुध हो रहे थे. ग्रामीण उन्हें संभालने और ढांढस बंधाने में जुटे रहे.
बताया गया कि अभिमन्यु की शादी पिछले साल समस्तीपुर जिले के गंगाराही गांव निवासी सुमन कुमारी से हुई थी. परिजनों के मुताबिक, सुमन गर्भवती हैं. ऐसे में पति की अचानक मौत से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
यूट्यूबर भी था अभिमन्यु
परिजनों के अनुसार अभिमन्यु यूट्यूब पर भी सक्रिय था. वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था. परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं.
अभिमन्यु की असमय मौत से परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं. जिस युवक के दिल्ली से घूमकर घर लौटने का इंतजार परिजन कर रहे थे, उसी का शव गुरुवार सुबह घर पहुंचा. इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.
यह भी पढे़ं:
