दरभंगा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम राजीव रौशन तथा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने मधुबनी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के केवटी एवं जाले विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रतिनियुक्त मतदान पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जाले के लिए बनाए गए इवीएम डिस्पैच सेंटर दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, केवटी के केंद्रीय विद्यालय वायु सेना स्थल दरभंगा डिस्पैच सेन्टर पर मतदान कर्मियों और पदाधिकारियों को चुनाव से संबंधित सभी कार्यों को बिंदुवार समझाया. उम्मीद जतायी कि केवटी एवं जाले विधानसभा के मतदान कर्मी अपना कर्तव्य सही तरीके से निर्वहन करेंगे. कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के आलोक में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराना है. 20 मई की सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा. 12 वैकल्पिक दस्तावेज से किन्हीं एक से कर सकेंगे वोट कहा कि मतदाताओं को मतदाता पर्ची दिया गया है. लेकिन, यदि कोई मतदाता पर्ची नहीं लेकर भी आता है, तो उसे बाहर नहीं करेंगे. 12 वैकल्पिक दस्तावेज से किन्ही एक से वे वोट कर सकते हैं. सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराई गई है. सभी जगह पेयजल के लिए मटका की व्यवस्था करायी गयी है. कहा कि बुजुर्ग मतदाता एवं गर्भवती महिलाओं को मतदान प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जायेगी. वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को व्हीलचेयर की आवश्यकता होती है तो उपलब्ध करा देंगे. सभी मतदान केंद्रों पर दो-दो व्हीलचेयर कुर्सी उपलब्ध करा दी गई है. किसी के लालच में नहीं आना है एसएसपी ने कहा कि सामग्री प्राप्त करने के बाद कहीं रुकना नहीं है. सभी लोग बूथ पर ही जाएं. किसी के लालच में नहीं आना है. शिकायत मिलेगी तो सुसंगत धारा के तहत कार्रवाई की जायेगी. केवटी एवं जाले विधान सभा में होने वाले मतदान पर जिला नियंत्रण कक्ष से रहेगी नजर दरभंगा. मधुबनी लोकसभा चुनाव को लेकर जिला स्तर पर जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना दरभंगा समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर सभागार में की गयी है. इसकी दूरभाष संख्या – 06272-240010 एवं 06272-240011 है. नियंत्रण कक्ष 21 मई तक 24 घंटे कार्यरत रहेगा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रौशन ने बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष में विभिन्न स्तरों से प्राप्त शिकायतों और उस पर की गई कार्रवाई को पंजी में संधारित करने के लिये तीन शिफ्ट में अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
