Darbhanga News: दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (डीसीई) में बीटेक के नवप्रवेशित छात्रों के लिए तीन सप्ताह तक चलने वाले ओरिएंटेशन सह इंडक्शन कार्यक्रम 'अभ्युदय 2026' की शुरुआत गुरुवार को हुई. कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, नवाचार और तकनीकी शिक्षा से परिचित कराते हुए उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ. अंतरराष्ट्रीय शिपिंग एवं ऑयल ट्रेड विशेषज्ञ एवं उद्योगपति दिनकर झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. स्वागत भाषण में प्रो. मयंक कुमार सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों के कॉलेज जीवन की मजबूत शुरुआत साबित होगा और उन्हें नई चुनौतियों के लिए तैयार करेगा.
तकनीकी ज्ञान के साथ नेतृत्व क्षमता भी जरूरी
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने छात्रों से सकारात्मक सोच और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने ज्ञान और कौशल से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया.
मुख्य अतिथि दिनकर झा ने कहा कि वर्तमान दौर में केवल तकनीकी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, टीमवर्क और नैतिक मूल्यों का भी समान महत्व है. उन्होंने छात्रों से नई तकनीकों को अपनाने, अनुसंधान और नवाचार की सोच विकसित करने तथा कॉलेज में मिलने वाले प्रत्येक अवसर का बेहतर उपयोग करने की अपील की.
तीन सप्ताह तक होंगे विविध कार्यक्रम
इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. शशि भूषण और सिविल विभागाध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी ने भी छात्रों को संबोधित किया. कार्यक्रम के अंत में एप्लाइड साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. अबुल कलाम आजाद ने किया.
तीन सप्ताह तक चलने वाले 'अभ्युदय 2026' के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, व्यक्तित्व विकास सत्र, नवाचार एवं उद्यमिता कार्यशालाएं, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा.
