Darbhanga News: दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध स्थिति में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव बंगाली टोला स्थित बिजली विभाग के गेट के समीप बरामद हुआ. मृतक की पहचान अभंडा निवासी रामवृक्ष सहनी के 30 वर्षीय पुत्र सत्यनारायण सहनी के रूप में हुई है. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
काम से लौटने के दौरान हुआ था लापता
परिजनों के अनुसार, सत्यनारायण सहनी मछली बेचने के साथ-साथ मजदूरी और हलवाई के हेल्पर का काम करता था. सोमवार को सिद्धार्थ नाम का एक व्यक्ति उसे अपने साथ एक चिकित्सक के यहां काम पर ले गया था.
बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे वह वहां से निकला, लेकिन घर वापस नहीं पहुंचा. पूरी रात परिजन उसकी तलाश करते रहे. मंगलवार की सुबह शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के चाचा ने बताया कि सुबह फोन पर उन्हें घटना की जानकारी मिली. घटनास्थल पर पहुंचने के बाद शव को घर लाया गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया.
परिजनों का आरोप है कि सत्यनारायण की हत्या की गई है. उनका कहना है कि घटना के पीछे किसी गहरी साजिश की आशंका है और पुलिस को सभी पहलुओं पर जांच करनी चाहिए.
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
दरभंगा से कुमार रौशन की रिपोर्ट
