Darbhanga: जमीन के लिए बेटे-बहू ने बूढ़े माता-पिता को पीटकर घर से निकाला, थाने में लगाई गुहार

Darbhanga News: रजवा गांव में जमीन के लालच में बेटे-बहू और पोते ने वृद्ध दंपती को जमकर पीटा. घर से निकाले जाने के बाद पीड़ित माता-पिता ने बिरौल थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पढे़ं पूरी खबर…

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: बिरौल थाना क्षेत्र के रजवा गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहाँ जमीन बेचकर रुपये देने से इनकार करने पर एक कलयुगी बेटे, बहू और पोते ने मिलकर वृद्ध दंपती की बेरहमी से पिटाई कर दी और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया. पीड़ित दंपती ने सोमवार को थाने पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है.

जमीन बेचने का बना रहे थे दबाव

पीड़िता परिया देवी और उनके पति रामभरोस बढ़ई ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उनका छोटा पुत्र जोगिन्द्र बढ़ई उर्फ अजय, पुत्रवधू सुनीता देवी और पोता गौतम बढ़ई पिछले 3-4 महीनों से उन पर जमीन बेचने का दबाव बना रहे थे. आरोपियों का कहना था कि जमीन बेचकर उन्हें रुपये दिए जाएं, वरना उन्हें घर में रहने नहीं दिया जाएगा. इससे पहले भी आरोपियों ने घर में ताला जड़ दिया था, जिसे स्थानीय समाज के हस्तक्षेप के बाद खुलवाया गया था.

लात-घूंसों से पीटा और दी जान से मारने की धमकी

घटना 11 मई की सुबह करीब 10 बजे की है. तीनों आरोपी अचानक घर में घुस आए और वृद्धा परिया देवी को गाली देते हुए लात-घूंसों से पीटने लगे. जब पति रामभरोस बचाने आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और दोनों को घर से खदेड़ दिया. जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वे दोबारा घर लौटे, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

डरी-सहमी वृद्धा ने बताया कि आरोपी नशे के आदी हो चुके हैं और संपत्ति के लालच में उनकी जान भी ले सकते हैं. फिलहाल वे बेसहारा हैं और न्याय चाहती हैं. बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >