Darbhanga News: पंच तत्व में विलीन हुए 'दुलार भैया', समदाऊन गीतों से रुलाने वाला कलाकार हुआ खामोश

Darbhanga News: प्रसिद्ध लोक कलाकार दयाकांत झा 'दुलार भैया' का 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया. अपनी सुरीली आवाज और समदाऊन गीतों के लिए विख्यात इस कलाकार के जाने से मिथिला की लोक गायकी को बड़ी क्षति हुई है. पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: मिथिला की लोक संस्कृति और गायन-वादन के क्षेत्र में एक युग का अंत हो गया है. तारडीह प्रखंड के नदीयामी (बसाही टोल) निवासी प्रख्यात ग्रामीण कलाकार दयाकांत झा उर्फ ‘दुलार भैया’ मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गए. वे लगभग 65 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. अंतिम संस्कार में उनके चाहने वालों ने अश्रुपूरित नेत्रों से उन्हें विदाई दी. मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र शिव कुमार झा ने दी, जो पिता के निधन की सूचना पर चेन्नई से गांव पहुंचे थे.

हारमोनियम और तबले पर भी थी अद्भुत पकड़

दयाकांत झा केवल एक गायक ही नहीं, बल्कि हारमोनियम और तबला वादन में भी निपुण थे. गांव में किसानी कार्य के साथ-साथ धार्मिक अनुष्ठानों, कीर्तन मंडली और दुर्गा पूजा में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी. उनकी सुरीली आवाज और गायकी की शैली ऐसी थी कि वे हर किसी का मन मोह लेते थे. विशेषकर ‘दस कोषी’ क्षेत्र में उनके भजन और कीर्तन की भारी प्रसिद्धि थी.

समदाऊन गीतों से रो पड़ती थीं सबकी आंखें

दुलार भैया की सबसे बड़ी पहचान उनके द्वारा गाए जाने वाले कारुणिक ‘समदाऊन’ गीत थे. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जब वे भगवती दुर्गा की विदाई या बेटी की विदाई के अवसर पर समदाऊन गाते थे, तो वहां मौजूद लोगों की आंखों से आंसू नहीं रुकते थे. संगीत के प्रति उनका समर्पण ऐसा था कि कहीं भी भजन-कीर्तन की सूचना मिलने पर वे कोसों दूर पैदल चलकर पहुँच जाते थे. उनके निधन को लोक कला जगत के लिए एक अपूर्णीय क्षति माना जा रहा है.

दरभंगा के ताराडीह से विनोद कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >