दरभंगा: बेनीपुर में करोड़ों की लागत से बना पंचायत सरकार भवन उद्घाटन से पहले दरका

Excerpt दरभंगा के बेनीपुर स्थित तरौनी पंचायत सरकार भवन में उद्घाटन से पहले ही दरारें पड़ गई हैं. स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों पर घटिया निर्माण का आरोप लगाया है. पढ़ें पूरी खबर…

Drabhanga News: बेनीपुर प्रखंड के तरौनी पंचायत में भवन निर्माण विभाग द्वारा करीब 3 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से बना पंचायत सरकार भवन उद्घाटन से पहले ही जगह-जगह दरकने लगा है. स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और विभागीय अभियंताओं पर घटिया निर्माण का आरोप लगाया है.

उद्घाटन से पहले ही दीवारों में दरार

स्थानीय लोगों के अनुसार भवन बनने के कुछ ही महीनों बाद उसकी दीवारों में दरारें दिखने लगी थीं. उद्घाटन से पहले इसकी मरम्मत भी कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद भवन की हालत में सुधार नहीं हुआ.

ग्रामीणों का कहना है कि भवन की गुणवत्ता इतनी खराब है कि उद्घाटन के बाद भी पंचायत के कर्मचारी उसमें बैठने को तैयार नहीं थे.

घटिया निर्माण का आरोप

स्थानीय जनप्रतिनिधि भोगेंद्र यादव ने कुछ दिन पहले भवन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए एक वीडियो भी वायरल किया था. वीडियो वायरल होने के बाद संवेदक और भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जल्दबाजी में मरम्मत कराई, लेकिन अब फिर से कई जगहों पर दीवारें फटने लगी हैं.

लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान विभागीय अभियंताओं ने गुणवत्ता की अनदेखी की, जिसके कारण करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद भवन में दरारें पड़ गईं.

19 मई के शिविर से पहले खुला ताला

बताया गया कि आगामी 19 मई को पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित होना है, जिसमें जिला और अनुमंडल स्तर के अधिकारी शामिल होंगे. इसी को लेकर शुक्रवार को भवन का ताला खोला गया.

पंचायत सचिव अविनाश कुमार प्रीतम ने कहा कि अप्रैल माह में भवन पंचायत को हस्तांतरित किया गया था और उसी समय भवन में दरारें मौजूद थीं. इसकी जानकारी बीपीआरओ को भी दी गई थी.

वहीं भवन निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ओम प्रकाश ने कहा कि भवन लंबे समय तक बंद रहने के कारण ऐसी स्थिति हो सकती है. उन्होंने कहा कि एजेंसी को तीन वर्षों तक भवन का मेंटेनेंस करना है और आवश्यकता पड़ने पर मरम्मत कराई जाएगी.

दरभंगा बेनीपुर से सुबोध नारायण पाठक का रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >