Darbhanga News: दरभंगा जिले के हनुमाननगर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा हो गया. यहां टेंट लगाने और साउंड सिस्टम ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक टेंट कर्मी की जान चली गई. मृतक की पहचान उखरा गांव निवासी 34 वर्षीय प्रदीप पासवान के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
डीजे का तार जोड़ने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, प्रदीप पासवान अपने मित्र सुधीर के टेंट हाउस में काम करता था. बिचौली गांव में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम के लिए टेंट और डीजे लगाने का कार्य चल रहा था. इसी दौरान प्रदीप साउंड सिस्टम में बिजली का तार जोड़ रहा था. अचानक पूरे डीजे सिस्टम में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी जोरदार चपेट में आने से प्रदीप ऊपर से नीचे गिर पड़ा और बुरी तरह झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और सहयोगियों ने आनन-फानन में उसे हनुमाननगर पीएचसी पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया. हालांकि, डीएमसीएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के भाई दीपक पासवान ने बताया कि प्रदीप विवाहित था और उसके पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. इस असमय मौत ने परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है. पुलिस को सूचना दे दी गई है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
दरभंगा से कुमार रौशन की रिपोर्ट
