Darbhanga: सीमावर्ती गांवों से शुरू हुआ मकान गणना का काम, कंट्रोल रूम तैयार

Darbhanga News: दरभंगा के तारडीह प्रखंड में राष्ट्रीय जनगणना 2027 का कार्य शुरू हो गया है. बीडीओ प्रीति कुमारी की देखरेख में 224 प्रगणक मकान गणना और नजरी नक्शा तैयार कर रहे हैं. प्रखंड मुख्यालय में इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है. पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब धरातल पर दिखने लगी हैं. प्रथम चरण में स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मकान गणना (HLV) और नजरी नक्शा तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य शुरू कर दिया गया है. उत्तर-पश्चिम दिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों से इस अभियान का आगाज किया गया है, ताकि हर एक घर और बसावट की सटीक जानकारी डिजिटल मैप पर दर्ज की जा सके.

प्रखंड में 224 प्रगणकों की फौज तैनात

इस विशाल कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है. तारडीह प्रखंड में कुल 233 प्रगणकों में से 224 को फील्ड में उतार दिया गया है. इनकी कार्यप्रणाली की निगरानी के लिए 38 सर्किल सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं. रविवार को सकतपुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में, जो दरभंगा और मधुबनी जिले की उत्तर-पश्चिम सीमा पर स्थित है, प्रगणकों ने नजरी नक्शा बनाने का काम तेजी से किया.

बीडीओ की निगरानी में बना कंट्रोल रूम

संपूर्ण प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ प्रीति कुमारी और बीपीआरओ खगेंद्र मोहन लगातार मार्गदर्शन कर रहे हैं. प्रगणकों को किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या न हो, इसके लिए प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक विशेष नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है. यहाँ से हर वार्ड और पंचायत की रिपोर्टिंग की जा रही है.

सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष ध्यान

जनगणना कर्मियों ने मनीगाछी और सकतपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों से एचएलवी कार्य की शुरुआत की है. अधिकारियों का कहना है कि नजरी नक्शा तैयार होने से मकानों की संख्या और भौगोलिक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, जो जनगणना के अगले चरणों के लिए आधार का काम करेगी. आम जनता से भी अपील की गई है कि वे प्रगणकों को सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें.

दरभंगा से विनोद कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >