Darbhanga: गृह प्रवेश में जा रहे ससुर-दामाद की मौत, इंटोखर पोखर के पास भीषण सड़क हादसा

Darbhanga News: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार ससुर-दामाद को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई. हादसा इंटोखर पोखर के पास हुआ. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: दरभंगा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं. गुरुवार देर रात इंटोखर पोखर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे में ससुर दामाद की मौत

मृतकों की पहचान राढ़ी पूर्वी पंचायत के कुम्हरौली निवासी राम भरोस प्रसाद और उनके दामाद संतोष कुमार साह (निवासी सनहपुर मखनपुर, सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि संतोष अपने नए घर में आयोजित गृह प्रवेश और पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने ससुर को बाइक से लेकर जा रहा था.

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से बाइक को मारी टक्कर

रास्ते में खिरोई नदी के पश्चिम, इंटोखर पोखर और ब्रह्मपुर हाट के बीच यह हादसा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमतौल की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा

हादसे के बाद स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

दरभंगा के कमतौल से शिवेन्द्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >