Darbhanga News: बेनीपट्टी में शीशम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी

Darbhanga News: जाले के गररी निवासी 25 वर्षीय पुलिंदर पासवान का शव बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में शीशम के पेड़ से लटका मिला. परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने युवती और उसके दो भाइयों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. जानिए खबर विस्तार से…

Darbhanga News: जाले थाना क्षेत्र के गररी वार्ड संख्या-5 निवासी 25 वर्षीय पुलिंदर पासवान का शव बुधवार सुबह मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत मकीया विशनपुर पंचायत के भांगहीडीह चौर में शीशम के पेड़ से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों के बीच कोहराम मच गया.

राजमिस्त्री का काम करता था मृतक

मृतक पुलिंदर पासवान पेशे से राजमिस्त्री था. सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए.

परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या की जताई आशंका

परिजनों का आरोप है कि पुलिंदर का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था. मंगलवार रात वह युवती से मिलने गया था. परिजनों का दावा है कि युवती के परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया. उन्होंने बताया कि मृतक के गले, पैर और गुप्तांग पर चोट के निशान भी मिले हैं. परिजनों का कहना है कि पहले भी उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी.

युवती की शादी तीन माह बाद थी तय

स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित युवती की शादी करीब तीन महीने बाद तय थी. इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी. पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: माता सीता की नगरी से गुलाबी शहर तक सीधी रेल सेवा, लोगों ने किया भव्य स्वागत

युवती और दो भाई हिरासत में

घटना की सूचना पर बेनीपट्टी एसडीपीओ अमित कुमार, थानाध्यक्ष अनूप कुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. पूछताछ के लिए संबंधित युवती और उसके दो भाइयों को हिरासत में लिया गया है.

हत्या के बाद शव लटकाने की आशंका

एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाने की आशंका सामने आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

दोनों जिलों की पुलिस रख रही नजर

जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि घटना बेनीपट्टी थाना क्षेत्र की है, इसलिए जांच वहां की पुलिस कर रही है. हालांकि मृतक जाले थाना क्षेत्र का निवासी होने के कारण स्थानीय पुलिस भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

दरभंगा के जाले से केशवेंद्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: माता सीता की नगरी से गुलाबी शहर तक सीधी रेल सेवा, लोगों ने किया भव्य स्वागत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >