दरभंगा से सतीश कुमार की रिपोर्ट
Darbhanga News: समाहरणालय में जिलाधिकारी (डीएम) कौशल कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान डीएम ने पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान, एइएस-जेइ रोकथाम, फाइलेरिया उन्मूलन और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को जिले में संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का सख्त निर्देश दिया.
अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कसेगा शिकंजा
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए डीएम कौशल कुमार ने लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया. इसके साथ ही उन्होंने योजना के तहत सूचीबद्ध निजी और सरकारी अस्पतालों की सघन जांच कराने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को सही लाभ मिल सके. डीएम ने जिले में चल रहे अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अस्पतालों में दवाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि नियमित रूप से करने को कहा.
पल्स पोलियो और टीबी मुक्त अभियान पर जोर
डीएम ने निर्देश दिया कि आगामी पल्स पोलियो अभियान के दौरान जिले का कोई भी बच्चा दवा की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके लिए उन्होंने ईंट-भट्ठों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और अस्थायी निवास स्थलों (झुग्गी-झोपड़ियों) पर विशेष ध्यान देने को कहा. बैठक में टीबी मुक्त पंचायत अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया. मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार सहित सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे.
