Darbhanga News: दरभंगा में मौत को दावत दे रहे रोड डिवाइडर, रिफ्लेक्टर न होने से डिवाइडर पर चढ़ा ट्रक

Darbhanga News: दरभंगा में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण रोड डिवाइडर जानलेवा बन रहे हैं. रिफ्लेक्टर और संकेतकों के अभाव में आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. बीती रात बाघ मोड़ के पास एक ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया. पढ़ें पूरी खबर...

Darbhanga News: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए व्यस्ततम चौक-चौराहों पर बनाए गए रोड डिवाइडर अब आम लोगों और वाहन चालकों के लिए काल साबित हो रहे हैं. सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण ये डिवाइडर दुर्घटनाओं का केंद्र बन गए हैं. बीती रात भी एक अनियंत्रित ट्रक बाघ घर मोड़ के निकट बने डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा.

रिफ्लेक्टर और संकेतक का अभाव


शहर के विभिन्न हिस्सों में बने इन डिवाइडरों पर सबसे बड़ी समस्या रिफ्लेक्टर और रेडियम संकेतकों का न होना है. रात के अंधेरे में सड़क के बीच बने ये डिवाइडर वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते हैं. प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने के कारण न केवल भारी वाहन, बल्कि चार पहिया वाहन और पैदल यात्री भी अक्सर इनसे टकराकर घायल हो रहे हैं. रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण रात में कार और ट्रक चालक दूरी का अंदाजा नहीं लगा पाते और सीधे डिवाइडर से टकरा जाते हैं.

एक साल में दर्जनों हादसे, फिर भी नींद में विभाग


आंकड़ों की बात करें तो बीते एक साल के भीतर नगर निगम क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक बड़ी दुर्घटनाएं सिर्फ डिवाइडर से टकराने के कारण हुई हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि डिवाइडरों का निर्माण सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर किया गया है. प्रशासन को बार-बार आगाह करने के बावजूद न तो डिवाइडरों की ऊंचाई को लेकर कोई सुधार किया गया और न ही उन पर सुरक्षात्मक संकेतक लगाए गए हैं. अगर जल्द ही इन पर रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए, तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता है.

दरभंगा से रौशन कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

प्रभात खबर में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत आरुणि ठाकुर, पत्रकारिता के क्षेत्र में गहरी रुचि रखते हैं। देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद, वर्तमान में वे समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर कर रहे हैं। विस्तार न्यूज और इंडिया न्यूज जैसे संस्थानों में अनुभव प्राप्त आरुणि को हाइपरलोकल खबरों, राजनीति और डॉक्यूमेंट्री निर्माण में विशेष रुचि है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >