Darbhanga News: दरभंगा जिले के केवटी ब्लॉक मुख्यालय परिसर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ जनप्रतिनिधि भवन में सीएससी (CSC) सेंटर चलाने वाले विवेक कुमार महतो को दरभंगा साइबर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. विवेक पर आरोप है कि उसने फर्जी तरीके से सिम कार्ड निर्गत कर अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे. इस गिरफ्तारी के बाद से केवटी मुख्यालय और आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई है.
कंबोडिया में हो रहा था भारतीय सिम का इस्तेमाल
पुलिस की जांच में बेहद गंभीर खुलासे हुए हैं. बताया जा रहा है कि विवेक कुमार महतो ने करीब तीन दर्जन अलग-अलग लोगों के नाम पर अवैध रूप से सिम कार्ड एक्टिवेट किए थे. इन सिम कार्ड्स को उसने साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह को बेच दिया था. चौंकाने वाली बात यह है कि इन भारतीय नंबरों का उपयोग कंबोडिया जैसे देशों में बैठकर साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए कर रहे थे.
मुख्यालय परिसर में चला रहा था ऑनलाइन सेवा
विवेक कुमार महतो पिछले छह महीने से ब्लॉक मुख्यालय स्थित जनप्रतिनिधि भवन में ‘मुस्कान ऑनलाइन सेवा’ के नाम से सीएससी काउंटर संचालित कर रहा था. सीओ भास्कर कुमार मंडल ने बताया कि मानक मापदंडों को पूरा करने के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर उसे मुख्यालय परिसर में जगह दी गई थी. वहीं, विवेक अपने घर पर भी इसी नाम से दुकान चलाता था.
स्तब्ध है परिवार, पुलिस कर रही है गहन जांच
विवेक के पिता मनोज कुमार महतो और मां चिंतामणि देवी केवटी चौक पर ही श्रृंगार और ब्यूटी पार्लर की दुकान चलाकर जीवन यापन करते हैं. अपने इकलौते बेटे की इस तरह के गंभीर अपराध में गिरफ्तारी से माता-पिता पूरी तरह स्तब्ध हैं. साइबर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवेक के तार और किन-किन बड़े गिरोहों से जुड़े थे.
दरभंगा से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
यह भी पढे़ं: Darbhanga: मुखिया पति पर जानलेवा हमला, पिस्टल की बट से मारकर सिर फोड़ा
