Darbhanga News: बिरौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन नाबालिग गिरफ्तार

Darbhanga News: दरभंगा में मोबाइल दुकान चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर 9 मोबाइल बरामद किए हैं. एक युवक को गिरफ्तार किया गया है साथ ही तीन नाबालिग डिटेन किया गया है. नकदी चोरी पर सस्पेंस कायम है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. पढे़ं पूरी खबर...

Darbhanga News: बिरौल थाना पुलिस ने सुपौल बाजार स्थित आदर्श मोबाइल दुकान में हुई चोरी की बड़ी घटना का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में 9 चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं. कार्रवाई के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है. दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. 

तकनीकी अनुसंधान से पुलिस को मिली सफलता

पुलिस के गिरफ्त में आरोपी

थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि 14-15 अप्रैल की रात मोबाइल दुकान में चोरी हुई थी. दुकान संचालक अरविंद कुमार मिश्रा के आवेदन पर बिरौल थाना कांड संख्या-213/26 दर्ज किया गया था. वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की. पुलिस ने सबसे पहले कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के रामपुर राउत गांव से एक 16 वर्षीय किशोर को पकड़ा, जिसके पास से चोरी के तीन मोबाइल मिले.

इनकी हुई गिरफ्तारी और बरामदगी

पकड़े गए किशोर की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही दो अन्य नाबालिगों को निरुद्ध किया, जिनके पास से तीन और मोबाइल बरामद हुए. वहीं, छापेमारी के दौरान 24 वर्षीय विपिन राम के पास से भी एक मोबाइल मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इसके अलावा दो अन्य घरों से भी एक-एक मोबाइल बरामद किया गया है, हालांकि वहां के आरोपी फिलहाल फरार हैं.

नकदी चोरी पर सस्पेंस बरकरार

बता दें कि दुकानदार ने प्राथमिकी में 1 लाख 65 हजार रुपये नकद और 11 मोबाइल चोरी होने की बात कही थी. हालांकि, पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक और निरुद्ध किशोरों ने नकद रुपये चोरी करने की बात से इनकार किया है. पुलिस शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी और बचे हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है.

पुलिस ने लोगों से की खास अपील

पुलिस ने बताया कि नकद राशि चोरी के मामले में पूछताछ जारी है. गिरफ्तार युवक और नाबालिगों ने नकदी चोरी से इनकार किया है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चोरी का मोबाइल खरीदने से बचें, नहीं तो कानूनी कार्रवाई हो सकती है.

दरभंगा बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >