कुशेश्वरस्थान पूर्वी (दरभंगा) से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट
Darbhanga Muharram News: कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व पूरी श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाले गए, जबकि अखाड़ों में खिलाड़ियों ने लाठी, डंडा और पारंपरिक युद्धक कलाओं का शानदार प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया.
विभिन्न गांवों से निकले ताजिया जुलूस, हुआ ताजिया मिलान
मुहर्रम के अवसर पर कुशेश्वरस्थान बाजार, भलूका, केवटगामा, पकड़िया, तरबन्ना, सलमगढ़, पछियाररही और तिलकपुर समेत विभिन्न गांवों से ताजिया जुलूस निकाले गए. निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न स्थानों पर ताजिया मिलान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक सद्भाव और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला.
अखाड़ों में पारंपरिक युद्धक कलाओं का हुआ प्रदर्शन
मुहर्रम के अवसर पर आयोजित अखाड़ों में खिलाड़ियों ने लाठी, डंडा और पारंपरिक युद्धक कलाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया. वर्षों के अभ्यास और अनुशासन का परिचय देते हुए खिलाड़ियों ने कई रोमांचक और हैरतअंगेज करतब दिखाए. इन प्रदर्शनों को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा. संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. उन्होंने बताया कि पूरे प्रखंड में मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
अधिकारियों ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभा शंकर मिश्रा ने तिलकेश्वर थाना क्षेत्र सहित विभिन्न प्रतिनियुक्त स्थलों का निरीक्षण कर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया. तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केशरी नंद कुमार राम और नदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी.
यह भी पढ़ें:
