Darbhanga: घनश्यामपुर, संदिग्ध हालात में महिला का शव बरामद, पति समेत ससुराल पक्ष फरार

बेटे से मिलने ससुराल गई महिला की संदिग्ध मौत… पति और पूरा परिवार फरार. हत्या या आत्महत्या? पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के गनौन गांव स्थित विसैला टोला से रविवार को पुलिस ने एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया. मृतका की पहचान प्रकाश यादव की पत्नी आशा देवी (35) के रूप में हुई है. घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं.

पति पर पहले भी मारपीट के आरोप

जानकारी के अनुसार, आशा देवी की शादी के कुछ महीनों बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था. वर्ष 2021 से पति द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप लगते रहे हैं. इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले भी पति ने मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया था और उनके छह वर्षीय पुत्र अंकित कुमार को अपने पास रख लिया था. इसके बाद आशा देवी अपने मायके बाउर गांव में रह रही थीं.

बेटे से मिलने ससुराल पहुंची थी महिला

बताया जा रहा है कि रविवार को वह अपने बेटे से मिलने ससुराल पहुंची थीं. इसी दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है.

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष आलोक कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या है या आत्महत्या. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.

घनश्यामपुर (दरभंगा) से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >