Darbhanga News: विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित राज्य स्तरीय नवाचार प्रदर्शनी में दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय (डीईसी) के तीन नवाचारों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एआईओ बोर्ड, ड्रोन एक्स और थ्री-डी प्रिंटेड बायोमेडिकल मॉडल का अवलोकन कर उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप और पेटेंट की दी सलाह
महाविद्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने तीनों नवाचारों की सराहना करते हुए इन्हें स्टार्टअप के रूप में विकसित करने तथा शीघ्र पेटेंट कराने का सुझाव दिया. कार्यक्रम में विभाग के सचिव ने भी छात्र-छात्राओं के नवाचारों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया.
तीनों नवाचारों की खासियत
महाविद्यालय के अनुसार, एआईओ बोर्ड एक ऐसा रोबोटिक नियंत्रक बोर्ड है, जिसमें आवश्यक सभी प्रमुख उपकरण एक ही सर्किट बोर्ड पर लगाए गए हैं. इससे रोबोटिक्स और ऑटोमेशन आधारित परियोजनाओं में जटिल वायरिंग की आवश्यकता काफी कम हो जाती है.
ड्रोन एक्स एक फोल्ड होने वाला उच्च गति का ड्रोन है, जिसका उपयोग सीमा सुरक्षा, निगरानी, खोज एवं बचाव कार्य तथा आपदा प्रबंधन में किया जा सकता है.
वहीं थ्री-डी प्रिंटेड बायोमेडिकल मॉडल के माध्यम से सीटी स्कैन और एमआरआई के आधार पर रोगी-विशिष्ट मॉडल, कृत्रिम हाथ तथा टखने के सहायक उपकरण कम लागत में तैयार किए जा सकते हैं.
महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नवाचारों की सराहना किया जाना पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है. उन्होंने इसे विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रयोगशाला कर्मियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया.
प्रदर्शनी में शारदा कुमारी, पुष्पलता, दीपाली कुमारी, मेहरुन निशा एवं सत्यम आनंद ने तीनों नवाचारों का प्रस्तुतीकरण किया.
