दरभंगा: बुधवार को दरभंगा हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले लोगों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ा. मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट रद्द कर दी गयी. इससे पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित हो गयी. मुंबई से दरभंगा और दरभंगा से मुंबई जाने वाले यात्रियों की आवाजाही पर इसका असर पड़ा.
फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलते ही जरूरतमंद कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी. बताया जा रहा है कि मुंबई-दरभंगा के बीच यात्रा करने वाले कई यात्रियों ने पहले से टिकट की बुकिंग करा रखी थी. लेकिन ऐन समय पर उड़ान रद्द होने से उनकी परेशानी बढ़ गयी.
जरूरी काम से आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ी मुश्किल
कुछ यात्रियों को जरूरी काम से दरभंगा पहुंचना था, जबकि कई यात्री यहां से मुंबई जाने अथवा अन्य स्थानों के लिए आगे की यात्रा की योजना बनाकर बैठे थे. फ्लाइट रद्द होने के कारण उनकी पूर्व निर्धारित यात्रा व्यवस्था प्रभावित हुई.
जरूरी काम से यात्रा करने वाले यात्रियों को अंतिम समय में दूसरे साधनों की व्यवस्था करनी पड़ी. इससे समय के साथ अतिरिक्त खर्च का बोझ भी बढ़ा.
विमान सेवा पर बढ़ी लोगों की निर्भरता
दरभंगा एयरपोर्ट से देश के प्रमुख महानगरों के लिए विमान सेवा उपलब्ध होने के कारण बड़ी संख्या में लोग हवाई यात्रा पर निर्भर हो गये हैं. खासकर दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों के लिए यात्रा करने वाले व्यवसायी, नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी और इलाज के लिए बाहर जाने वाले यात्रियों के लिए विमान सेवा महत्वपूर्ण है.
ऐसे में फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित होने के साथ समय और पैसे का भी नुकसान होता है.
यात्रियों ने सेवा में सुधार की मांग की
यात्रियों का कहना है कि स्पाइसजेट की उड़ानों में अनियमितता और फ्लाइट रद्द होने की समस्या चिंता का विषय बनी हुई है. बुकिंग के बावजूद अंतिम समय में उड़ान रद्द होने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
यात्रियों ने विमानन कंपनी से उड़ानों के संचालन में सुधार करने और उड़ान रद्द होने की स्थिति में समय रहते उचित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है.
दरभंगा एयरपोर्ट से आठ विमानों की आवाजाही
बुधवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और बंगलुरु के बीच कुल आठ विमानों की आवाजाही हुई. इन विमानों से कुल 1157 यात्रियों ने यात्रा की. नियमित उड़ानों के माध्यम से यात्रियों का आवागमन जारी रहा, लेकिन मुंबई-दरभंगा फ्लाइट रद्द होने से प्रभावित यात्रियों में नाराजगी देखी गयी.
यह भी पढ़ें
12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, पक्षकारों तक शत-प्रतिशत नोटिस पहुंचाने का निर्देश
