दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Darbhanga Airport: दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक अहम बदलाव होने जा रहा है. मंगलवार से यहां से संचालित सीधी उड़ानों की संख्या कम हो जाएगी. इंडिगो एयरलाइंस ने दरभंगा-कोलकाता रूट पर अपनी सेवा बंद करने का फैसला लिया है. इसके बाद मिथिलांचल के यात्रियों को एक प्रमुख महानगर के लिए सीधी विमान सेवा का विकल्प नहीं मिलेगा.
कोलकाता रूट पर नहीं उड़ेंगे विमान
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो ने दरभंगा से कोलकाता के लिए टिकट बुकिंग बंद कर दी है. मंगलवार से इस रूट पर उड़ानों का संचालन पूरी तरह रुक जाएगा. अब तक दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध थी, लेकिन कोलकाता रूट बंद होने के बाद यह संख्या घटकर चार रह जाएगी.
यात्रियों की बढ़ सकती है मुश्किल
कोलकाता व्यापार, शिक्षा, इलाज और अन्य जरूरतों के लिए मिथिलांचल के लोगों की प्रमुख मंजिलों में शामिल है. ऐसे में सीधी विमान सेवा बंद होने से यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट का सहारा लेना पड़ सकता है. कई लोगों के लिए यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ने की आशंका है.
एयरपोर्ट की यात्री संख्या पर असर
विशेषज्ञों का मानना है कि कोलकाता रूट बंद होने का असर दरभंगा एयरपोर्ट के कुल यात्री आंकड़ों पर भी दिख सकता है. इस रूट का उपयोग करने वाले यात्रियों की संख्या अच्छी थी, जिससे एयरपोर्ट की दैनिक आवाजाही में भी योगदान मिलता था.
चार शहरों के लिए जारी रहेगी उड़ान
हालांकि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए सीधी विमान सेवा पहले की तरह जारी रहेगी. यात्रियों को यात्रा से पहले एयरलाइन की वेबसाइट या बुकिंग प्लेटफॉर्म पर फ्लाइट की स्थिति जरूर जांचने की सलाह दी गई है.
