Darbhanga Airport: दरभंगा हवाई अड्डा से हवाई यात्रा करने वाले लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. बीते अप्रैल माह में इस एयरपोर्ट ने एक बार फिर नया रिकॉर्ड कायम करते हुए 74 हजार से अधिक यात्रियों की आवाजाही दर्ज की. यह आंकड़ा न केवल दरभंगा, बल्कि पूरे मिथिला क्षेत्र में हवाई सेवाओं की बढ़ती मांग को दर्शाता है. एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, अप्रैल के 30 दिनों में कुल 464 विमानों का संचालन हुआ. इस दौरान प्रत्येक फ्लाइट में औसतन करीब 88 प्रतिशत सीटें बुक रही़ं यात्रियों की इतनी अधिक संख्या के बावजूद एयरपोर्ट पर संचालन व्यवस्था सुचारु रही. विदित हो कि आठ नवंबर, 2020 को दरभंगा से घरेलू उड़ान सेवा की शुरुआत की गयी थी.
2961 लोगों ने की यात्रा
बताया गया कि महीने के दौरान 26 अप्रैल को सबसे अधिक भीड़ दर्ज की गयी. इस दिन 18 विमानों से कुल 2961 यात्रियों ने यात्रा की, जो पूरे महीने का उच्चतम आंकड़ा रहा. वहीं चार अप्रैल को सबसे कम यात्री देखे गए, जब केवल आठ फ्लाइट्स में 1307 यात्रियों ने सफर किया था.
छुट्टियों व कनेक्टिविटी का असर
जानकारों का मानना है कि अप्रैल महीने में गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत, शादी- विवाह का सीजन और प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी ने यात्रियों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में दरभंगा से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु कोलकाता व हैदराबाद के लिए नियमित सीधी उड़ान सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है.
क्षेत्रीय विकास को मिल रहा बढ़ावा
स्थानीय लोगों और व्यवसायियों का कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है. इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आई है. जानकारों के मुताबिक आने वाले महीनों में यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है. यदि उड़ानों की संख्या और बढ़ाई जाती है तो यह एयरपोर्ट पूर्वी बिहार के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल हो सकता है.
यह भी पढे़ं: Darbhanga News: सदन में विधायक विनय चौधरी की आवाज भी बेअसर, अस्पताल में ICU मशीनें खा रही हैं जंग
