Darbhanga News: सांसद सह लोकसभा में भाजपा के सचेतक गोपालजी ठाकुर ने बुधवार को संसद भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने दरभंगा सहित पूरे मिथिला क्षेत्र में कृषि उत्पाद आधारित उद्योगों के विस्तार, खाद्य प्रसंस्करण, कोल्ड चेन और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.
कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर दिया जोर
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, आधुनिक भंडारण व्यवस्था और कोल्ड चेन विकसित करने के प्रति गंभीर है. उन्होंने मखाना, फल, सब्जी, डेयरी, मत्स्य तथा अन्य कृषि उत्पादों के वैज्ञानिक प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और मूल्य संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया.
उन्होंने कहा कि इससे किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और युवाओं की आय बढ़ाने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
पीएमएफएमई योजना का अधिक लाभ दिलाने की मांग
गोपालजी ठाकुर ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिककरण (PMFME) योजना के तहत अधिक से अधिक उद्यमियों को बैंक ऋण, क्रेडिट-लिंक्ड सब्सिडी, प्रशिक्षण, पैकेजिंग और विपणन सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
मिथिला की परंपरा के अनुसार किया सम्मान
मुलाकात के दौरान सांसद ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, अंगवस्त्र और प्रतीक-चिह्न भेंट कर सम्मान किया.
