Darbhanga News: दरभंगा एम्स की चहारदीवारी का निर्माण शुरू

Darbhanga News:शोभन में एम्स के चहारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू हो गया है. आधारभूत संरचना तैयार करने की जिम्मेदारी एचएससीसी इंडिया लिमिटेड को सौंपी गई है.

Darbhanga News: दरभंगा. शोभन में एम्स के चहारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू हो गया है. आधारभूत संरचना तैयार करने की जिम्मेदारी एचएससीसी इंडिया लिमिटेड को सौंपी गई है. प्रोजेक्ट को 12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है. बाउंड्री वॉल निर्माण के लिये खुदाई का काम शुरू हो चुका है. जल निकासी और बाढ़ से बचाव के लिए रिंग बांध और नाला निर्माण भी प्रस्तावित है. 309.29 करोड़ की लागत से मिट्टी भराई का काम होगा. एम्स के मुख्य भवन बनाने के लिये आइआइटी दिल्ली डीपीआर बना रहा है. जानकारी के अनुसार यह काम अगले दो माह में पूरा कर लिया जायेगा. निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर 11.67 करोड़ की लागत से वहां एक पावर स्टेशन बनाने का प्रस्ताव दिया गया है.

पहले फेज के लिए 25 मार्च को निकाली गयी थी निविदा

पहले फेज में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की एजेंसी एचएससीसी (हॉस्पिटल सर्विसेज कंस्लटेंसी कॉरपोरेशन लिमिटेड) ने 25 मार्च को निविदा निकाली थी. टेंडर के मुताबिक इस पर करीब 51.76 करोड़ की लागत आयेगी. कुल 193 एकड़ में बाउंड्री वाल (ग्रिल के साथ), आरसीसी रिटेनिंग वाल, मेन गेट कॉम्प्लेक्स, बागवानी, फुटपॉथ व अन्य सिविल वर्क पूरा करना है. प्रस्तावित क्षेत्र की सीमा दीवाल की लंबाई 5.52 किमी होगी. तीन गेट प्रस्तावित है. एक गेट का निर्माण मुख्य भवन के साथ होना है. बांकी दो के निर्माण के प्रक्रिया भी पहले पूरी की जायेगी.

पिछले साल 13 नवंबर को प्रधानमंत्री ने रखी थी आधारशिला

पिछले साल 13 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एम्स की यहां आधारशिला रखी थी. उसी दिन से 193 एकड़ जमीन पर करीब 1700 करोड़ की लागत से एम्स निर्माण का रास्ता खुल गया था.

2015-16 में एम्स निर्माण की हुई थी घोषणा

बिहार में दूसरे एम्स की कहानी उस समय शुरू हुई थी, जब पीएम मोदी के पहले कार्यकाल में साल 2015-16 में तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बिहार में एक और एम्स निर्माण की घोषणा की थी. दो साल बाद केंद्र ने बिहार सरकार से एम्स बनाने के लिये दो से तीन जगहों का विकल्प मांगा था. साथ में यह शर्त भी थी, कि जमीन बिहार सरकार मुफ्त में उपलब्ध कराएगी. प्रदेश सरकार ने दरभंगा में एम्स निर्माण का प्रस्ताव केंद्र को भेजा. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत दरभंगा में एम्स बनाए जाने की मंजूरी 19 सितंबर 2020 को दे दी. बिहार सरकार ने पहली बार में तीन नवंबर 2021 को जमीन दी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >