Darbhanga News: नगर निगम के सफाईकर्मियों की हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी जारी रही. हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. प्रशासन ने मजदूरों, किराये के वाहनों, आधा दर्जन ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से सफाई अभियान शुरू कराया, लेकिन इसका व्यापक असर नहीं दिखा.
अधिकांश वार्डों में नहीं हटे कचरे के ढेर
शहर के अधिकांश वार्डों और प्रमुख स्थानों पर कचरे के ढेर अब भी पड़े हुए हैं. कई जगहों पर सड़क किनारे जमा कचरे ने दो-तिहाई सड़क तक घेर ली है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. कई इलाकों में जाम की स्थिति भी बन रही है.
दुर्गंध से लोगों का निकलना हुआ मुश्किल
सड़कों पर पड़े कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि लंबे समय से कचरा नहीं उठने के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है.
डंपिंग ग्राउंड पर मृत पशु फेंके जाने से आक्रोश
सारामोहनपुर डंपिंग ग्राउंड में मृत पशु का शव फेंके जाने से स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है. बताया गया कि नगर निगम के जमादारों की निगरानी में किराये के वाहनों और मजदूरों की मदद से कचरा उठाव का कार्य कराया जा रहा है.
छठे दिन भी जारी रहा धरना
तीन सूत्री मांगों को लेकर नगर निगम के संविदा और दैनिक कर्मचारी महासंघ संयुक्त मोर्चा के बैनर तले निगम परिसर में धरना दे रहे हैं. महासचिव मुन्ना राम ने बताया कि हड़ताल में कोई स्थायी कर्मचारी या संगठन का वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल नहीं है.
उन्होंने कहा कि आंदोलन संविदा और दैनिक कर्मियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर किया जा रहा है.
गतिरोध से बढ़ रही शहरवासियों की परेशानी
सोमवार को हुई विशेष बोर्ड बैठक में भी हड़ताल को लेकर चर्चा हुई थी. प्रशासन और हड़ताली कर्मियों के बीच अब तक सहमति नहीं बनने से शहरवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
