Darbhanga: तीन घंटे की बारिश में थम गया शहर, सड़कों पर जलजमाव से आवागमन पर लगा ब्रेक

सुबह 6.30 बजे से 9.30 बजे तक हुई जोरदार बारिश ने शहर की तस्वीर बदल दी. देखते ही देखते मुख्य मार्गों से लेकर गली- मोहल्लों तक पानी भर गया.

दरभंगा. सुबह 6.30 बजे से 9.30 बजे तक हुई जोरदार बारिश ने शहर की तस्वीर बदल दी. देखते ही देखते मुख्य मार्गों से लेकर गली- मोहल्लों तक पानी भर गया. शहर में ड्रेनेज सिस्टम की बदहाली एक बार फिर उजागर हो गई. पानी का बहाव नहीं होने के कारण जगह-जगह सड़कें तालाब में तब्दील हो गई. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़कों के पानी में डूब जाने से अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं जा सके. लक्ष्मीसागर, छपकी, सुंदरपुर सहित जीएनगंज और उर्दू बाजार क्षेत्र में जलजमाव का सर्वाधिक असर देखने को मिला. इन इलाकों में कई जगहों पर घुटनों तक पानी भर गया. स्थानीय लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. सुबह करीब 10.30 बजे बारिश थमने के बाद भी घंटों जलजमाव से लोग जूझते रहे.

सड़कों पर बहता रहा नालियों का पानी

तेज बारिश के पानी के बहाव को नाला नहीं झेल सका. अधिकांश नाला का पानी सड़कों पर फैल गया. जल निकासी की अबतक ठोस व्यवस्था नहीं होने से यह स्थिति बनी. निचले इलाके के कई घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया. जलजमाव से व्यापारी वर्ग को खासा नुकसान उठाना पड़ा.

वाहन फंसे, आवागमन रुका

लक्ष्मीसागर से नाका छह तक और जीएनगंज होते हुए उर्दू बाजार तक कई जगहों पर पानी में वाहन फंसे दिखे. ऑटो और रिक्शा चालक पानी में धक्का लगाते दिखाई दिए. कई बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो गए. भारी जलजमाव वाले इलाके से लोगों ने बचकर यात्रा की.

निचले इलाकों में देर शाम तक जलजमाव की स्थिति

देर शाम तक निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति रही. लोगों को जरूरत के सामनों के लिए भटकना पड़ा. निचले इलाकों को छोड़ शेष जगहों से धीरे-धीरे वर्षा का पानी दोपहर तक निकल गया. रोज कमाने-खाने वालों का व्यवसाय चौपट हो गया. कामकाजी व नौकरी पेशा वाले लोग बारिश के कारण देर से कार्यालय पहुंच सके.

नालों का मुहाना साफ करते रहे निगम के कर्मी

कुछ स्थानों पर नालाें से कचरा निकाल कर मुहाने को क्लियर करने में निगम कर्मी पसीना बहाते नजर आये. लोगों का कहना था कि बुडको, पथ निर्माण व पुल निर्माण विभाग के चल रहे निर्माण कार्य ने बारिश में स्थिति को और नारकीय बना दिया. सबसे अधिक समस्या अधूरे निर्माण क्षेत्र में देखने को मिली.

इन इलाकों में लगा पानी

लक्ष्मीसागर, बीरा, सुंदरपुर, दरभंगा टावर, निगम कार्यालय रोड व नगर भवन चौरंगी, सीएम साइंस कॉलेज परिसर, भगवानदास मोहल्ला, जेठियाही, रामजानकी मंदिर रोड, बंगाली टोला, बलभद्रपुर, कटरहिया, उर्दू, शुभंकरपुर आदि मोहल्ला में देर शाम तक जलजमाव की स्थिति रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >