Darbhanga News: समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश आज जिलावासियों को देंगे 90 योजनाओं की सौगात

Darbhanga News:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में लगभग दो घंटे दरभंगा में रहेंगे. वे सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 तक दरभंगा में रहेंगे.

Darbhanga News: दरभंगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में लगभग दो घंटे दरभंगा में रहेंगे. वे सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 तक दरभंगा में रहेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री कुमार पिछली प्रगति यात्रा के दौरान किए गए शिलान्यास, कार्यारंभ से जुड़ी योजनाओं का निरीक्षण व अवलोकन करेंगे. 50 योजनाओं की आधारशिला रखेंगे. 40 योजनाओं का लोकार्पण करेंगे. इस क्रम में विभिन्न स्टॉल व प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इस क्रम में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे. हवाई अड्डा से दिल्ली मोड़ बस स्टैंड, हवाई अड्डा टर्मिनल, आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे, लॉजिस्टिक पार्क, नागेंद्र झा स्टेडियम, राज मैदान हेलीपैड तक कारकेड की व्यवस्था की गयी है. मुख्यमंत्री कुमार के आवागमन के लिए निर्धारित मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस को तैनात कर दिया गया है. बता दें कि वायु सेवा हवाई अड्डा पर आगमन तथा राज मैदान स्थित हेलीपैड से प्रस्थान के क्रम में मुख्यमंत्री कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. मुख्यमंत्री नीतीश का सुबह 10.30 बजे दरभंगा हवाई अड्डे पर आगमन होगा. वहां से सड़क मार्ग से दिल्ली मोड़ अवस्थित बस स्टैंड के लिए प्रस्थान करेंगे. सुबह 10.32 पर दरभंगा बस स्टैंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के कार्य का भौतिक निरीक्षण करेंगे. साथ ही स्टैंड परिसर में लगाये गयी प्रदर्शनी एवं स्टॉल का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री 10.45 बजे बस स्टैंड से हवाई अड्डा के निर्माणाधीन सिविल इक्लेव टर्मिनल के लिए प्रस्थान करेंगे. सुबह 10.50 पर टर्मिनल का निरीक्षण करेंगे. 11 बजे आमस-दरभंगा पथ परियोजना कैंप कार्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे. मुख्यमंत्री कुमार 11.02 पर गत 13 जनवरी को मंत्री परिषद की बैठक में स्वीकृत लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब के लिए चिह्नित भूमि का अवलोकन करेंगे. वहां से 11.20 बजे सीएम का नागेंद्र झा स्टेडियम में आगमन होगा. स्टेडियम परिसर में कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. लगभग एक घंटा का समय मुख्यमंत्री कुमार द्वारा यहां दिया जाना है. मुख्यमंत्री कुमार स्टेडियम परिसर में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं शुभारंभ करेंगे. इसी परिसर में लगाए गए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे. इसी परिसर में आर्टिफिशियल सभागार मे जिला स्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे. साथ ही जनसभा को संबोधित भी करेंगे. कार्यक्रम समापन के उपरांत हेलीपैड के लिए दोपहर लगभग 12.30 बजे मुख्यमंत्री नागेंद्र झा स्टेडियम से राज मैदान परिसर स्थित हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे. दोपहर 12.32 पर हेलीपैड पर आगमन के पश्चात पटना हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान कर जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >