Darbhanga: बिरौल में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा, सीओ ने 15 दिन में काम पूरा करने का दिया निर्देश

बिरौल में संभावित बाढ़ और सुखाड़ को लेकर आयोजित आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में नहरों में पानी नहीं पहुंचने, अधूरी सड़कों और विभागीय लापरवाही के मुद्दे उठे। सीओ ने सभी विभागों को 15 दिनों के भीतर तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: संभावित बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति से निपटने को लेकर शनिवार को बिरौल प्रखंड मुख्यालय के सभागार में प्रखंड स्तरीय आपदा प्रबंधन एवं निगरानी समिति की बैठक हुई. बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा के साथ-साथ अधूरे विकास कार्यों और विभागीय लापरवाही के मुद्दे भी उठे. जनप्रतिनिधियों ने कई योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई.

पंचायत सरकार भवन बनेंगे राहत शिविर

बैठक में सीओ ने बताया कि बाढ़ आने की स्थिति में सभी पंचायत सरकार भवनों को अस्थायी राहत शिविर के रूप में उपयोग किया जाएगा. यहां विस्थापित परिवारों के ठहरने और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की जाएगी.

उन्होंने बताया कि मवेशियों के लिए अलग से चारा और सुरक्षित ठहराव स्थल चिह्नित किए जा रहे हैं. नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 16 नाव मालिकों से अनुबंध किया गया है. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त नावों की भी व्यवस्था की जाएगी. कमला नदी की उड़ाही का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है.

स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था पर निर्देश

समिति सदस्य राधा मोहन चौधरी की मांग पर सीओ ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और पंचायत भवनों में सर्पदंश की दवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही नल-जल योजना के तहत खराब पड़े नलों की मरम्मत शीघ्र कराने को कहा.

नहर और सड़क परियोजनाओं पर उठे सवाल

बैठक के दौरान दिलीप चौधरी ने कहा कि पिछले वर्ष लघु सिंचाई विभाग ने नहरों की मरम्मत पर 35 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन अब तक किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाया है.

उन्होंने पोखराम से कमलाबारी जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क का भी मुद्दा उठाया. उनका कहना था कि ठेका प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है. इस पर सीओ ने संबंधित विभाग से रिपोर्ट मांगने की बात कही.

अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई आपत्ति

पंकज झा ने उछटी से पघारी जाने वाली सड़क पर ठीका गांव के पास पुल निर्माण कार्य बाढ़ से पहले पूरा कराने की मांग की. उन्होंने कई अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर भी आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की. मुखिया विशम्भर पासवान ने आपातकालीन स्थिति में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और सुरक्षित ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

15 दिन में तैयारी पूरी करने का निर्देश

सीओ ने सभी संबंधित विभागों को 15 दिनों के भीतर बाढ़ पूर्व तैयारियां पूरी करने का सख्त निर्देश दिया. बैठक में बीडीओ प्रदीप कुमार झा, सीओ और पीओ उपस्थित रहे.

प्रमुख, उपप्रमुख और महिला मुखियाओं की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही. कई महिला मुखियाओं के स्थान पर उनके प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए.

मौके पर विधायक प्रतिनिधि अभिलाष बालाजी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार चौधरी, भाकपा माले नेता रघुनाथ झा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष कामरान खां, जितेंद्र सिंह, संजय पासवान, श्याम विनोद यादव, राजेश यादव, बिहारी ठाकुर, मनोज सुधांशु समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >