बेनीपुर/तारडीह. सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए सरकार में बिहार का चहुंमुखी विकास हो रहा है. लोग अमनचैन की जिंदगी जी रहे हैं. 2005 से पूर्व की समय को याद कीजिए. विकास का कोई काम नहीं हुआ था. उस समय शाम होते ही लोग घर से निकल नहीं पाते थे. हमलोगों की सरकार बनी, तो प्रदेश में अमनचैन का राज स्थापित हुआ. मुख्यमंत्री तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा स्थित उग्र नारायण सिंह किसान उच्च विद्यालय स्टेडियम में चुनावी सभा में बोल रहे थे. भाजपा का नाम लिये बिना कहा कि हम लोगों का संबंध 1995 से है. बीच में हमने गलती की. इधर-उधर हो गये, लेकिन अब सदा भाजपा के साथ रहेंगे. पहले बेटे को सेट किया अब बेटी को सेट करने में लगे
बिना नाम लिये राजद सुप्रीमो पर तंज कसा. कहा कि पति-पत्नी की सरकार में कोई काम नहीं हुआ. अपना परिवार बढ़ाये और परिवार के विकास में लगे रहे. पहले दोनों बेटे को सेट किया. अब बेटी को सेट करने में लगे हैं. उन्हें प्रदेश की जनता की कोई चिंता नहीं है. हम और भाजपा पूरे देश व बिहार की जनता को अपना परिवार मानते हैं. 2005 से पहले सड़कें, बिजली, विद्यालय कुछ था? वे लोग कुछ नहीं किये. हमलोगों को मौका मिला, तो 2005 के नवंबर में आये और पंचायत चुनाव कराया.
महिलाओं का हुआ विकासकहा कि पंचायत व नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया. इससे महिलाओं का विकास हुआ. इसे देख अन्य प्रदेश ने भी आरक्षण लागू किया. विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह चलाया गया. इसका नाम जीवका रखा. बिहार की जीविका देश में आजीविका हो गयी. इसके माध्यम से एक करोड़ 31 लाख महिलाओं को रोजगार मिल रहा है. अब इसे शहरी क्षेत्र में भी लागू कर दिया गया है. प्राथमिक शिक्षक नियोजन में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया. 2013 से पूर्व महिला सरकारी नौकरी में नहीं थी. महिला आरक्षण दिया तो अब 30 हजार महिलाएं सरकारी नौकरी में हैं. महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण दिया गया.
महिला शिक्षित हुई तो प्रजनन दर घटा
सीएम ने कहा कि महिला शिक्षित हुई है, तो प्रजनन दर भी घटा है. स्वास्थ्य के क्षेत्र में 2020 से काम करने लगे, तो आमूल-चूल परिवर्तन हुआ. इससे पूर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लोग इलाज कराने नहीं जाते थे. अब हर महीना 11 हजार मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने पहुंच रहे हैं.
वे लोग केवल हिंदू-मुस्लिम को कर रहे लड़ाने का काम
सीएम ने कहा कि वे लोग केवल हिंदू-मुस्लिम को लड़ाने का काम कर रहे हैं. मुस्लिमों के लिए हमलोग ही काम किये हैं. सभी मदरसा को सरकारी मान्यता दिया. कब्रिस्तान को लेकर झगड़ा होता था. 2006 से अभी तक आठ हजार कब्रिस्तानों की घेराबंदी की गयी है. यह सब हमलोगों ने किया और वोट मांगने वे लोग आते हैं. उन्हें वोट दीजिएगा, तो फिर हिंदू-मुस्लिम में वह लोग झगड़ा लगायेंगे. 2005 के बाद प्रदेश में कहीं हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा नहीं हो रहा है. प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक पुराने मंदिरों की भी घेराबंदी हो रही है.
आगामी विधानसभा चुनाव तक 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी
सीएम ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव तक 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का वायदा पूरा कर लिया जायेगा. कहा कि 2020 में हमलोग शिक्षक बहाली करने का निर्णय लिया. अभी तक आठ लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया है. आगामी विधानसभा चुनाव से पहले 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दी जाएगी.
सरकार में रहकर गड़बड़ी करने वालों की होगी जांच
सीएम ने कहा कि सरकार में साथ रहकर वह लोग बहुत घचपच किया है. यही सब देखकर मैं अलग हो गया. लोकसभा चुनाव के बाद सभी मामलों की जांच की जाएगी.
एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी को दें वोट
मुख्यमंत्री ने लोगों से केंद्र व बिहार के विकास के लिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी गोपालजी ठाकुर को अपना बहुमूल्य मत देकर विजयी बनाने की अपील की. लोगों के आश्वासन पर गोपालजी ठाकुर को विजयश्री का माला भी पहना दिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष गोपाल मंडल व संचालन पिंटू सिंह कर रहे थे. लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
