दरभंगा: नगर परिषद क्षेत्र के डखराम गांव निवासी भूलोक नाथ झा (48) की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के करीब 30 घंटे बाद सोमवार की शाम डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों, परिचितों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी.
अज्ञात पिकअप ने साइकिल में मारी टक्कर
बताया जाता है कि भूलोक नाथ झा रविवार दोपहर बेनीपुर से पौड़ी डखराम की ओर साइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान एसएच-88 स्थित धर्मकांटा के समीप एक अज्ञात पिकअप ने उनकी साइकिल में ठोकर मार दी. हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गये.
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अनुमंडल अस्पताल, बेनीपुर पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया.
डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत
डीएमसीएच में इलाज के दौरान सोमवार की शाम भूलोक नाथ झा की मौत हो गयी. हादसे के बाद करीब 30 घंटे तक उनका इलाज चला, लेकिन उनकी जान नहीं बचायी जा सकी.
बेनीपुर व्यवहार न्यायालय में थे मुंशी
भूलोक नाथ झा बेनीपुर व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता के मुंशी के रूप में कार्यरत थे. उनकी मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है. हादसे के बाद अज्ञात पिकअप चालक की जानकारी सामने नहीं आ सकी है.
यह भी पढ़ें
सिंहवाड़ा में राजमिस्त्री की संदिग्ध मौत, बड़ी कब्रिस्तान के पीछे मिला शव
