Darbhanga: स्कूल में लैब निर्माण के दौरान हथियारबंद बदमाश पहुंचे, एक लाख रंगदारी मांगी

बहेड़ी थाना क्षेत्र में स्कूल लैब निर्माण के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी और निर्माण सामग्री में तोड़फोड़ की. पुलिस ने चार नामजद सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Darbhanga News: बहेड़ी थाना क्षेत्र के कुंवर रंजीत गांव स्थित हाइ स्कूल में लैब रूम निर्माण के दौरान हथियारबंद बदमाशों द्वारा रंगदारी मांगने और निर्माण सामग्री में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है. घटना 22 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे की बतायी गयी है. मामले में रेलटेल कंपनी में कार्यरत हरिनगर गांव निवासी मनोज कुमार यादव ने चार नामजद सहित आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.

हथियार लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे बदमाश

प्राथमिकी के अनुसार, मनोज कुमार यादव कुंवर रंजीत हाइ स्कूल में लैब रूम का निर्माण करा रहे थे. शनिवार को मजदूर निर्माण कार्य में लगे थे और वह भी मौके पर मौजूद थे. इसी दौरान कालीचरण यादव उर्फ राजन यादव अपने सहयोगियों मायाशंकर यादव, बलदेव यादव, गुफरान अंसारी समेत अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा.

आरोप है कि सभी हथियार लिये हुए थे और निर्माण कार्य के बदले रंगदारी की मांग करते हुए धमकी देने लगे. कुछ देर बाद कालीचरण यादव वहां से चला गया. इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति निर्माण स्थल पर पहुंचा और कथित तौर पर कहा कि कालीचरण यादव ने रंगदारी देने को कहा है, नहीं देने पर गोली मार दी जायेगी.

आरोप है कि इसके बाद निर्माण कार्य में लगी सेटिरिंग में तोड़फोड़ की गयी.

स्टाफ को घेरकर मांगी एक लाख रुपये रंगदारी

प्राथमिकी में बताया गया है कि बाद में मुंशी कुंदन कुमार यादव और चालक अमरजीत कुमार घर जा रहे थे. हरिनगर स्कूल के पास कालीचरण यादव ने तीन-चार सहयोगियों के साथ दोनों को घेर लिया.

आरोप है कि कालीचरण ने एक लाख रुपये रंगदारी देने और उसके कहे अनुसार काम करने की धमकी दी. विरोध करने पर उसने कमर से देशी कट्टा निकालकर जान से मारने की धमकी दी. आरोपितों ने स्टाफ पर हथियार तान दिया.

इसी दौरान स्टाफ द्वारा कथित तौर पर हथियार छीन लिया गया और शोर मचाया गया. ग्रामीणों के पहुंचने पर कालीचरण हाथ छुड़ाकर मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने आरोपित के घर की तलाशी ली

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला. बरामद देशी कट्टा पुलिस को सौंप दिया गया है.

आवेदक ने घटना में दो-तीन नाबालिगों के भी शामिल होने का आरोप लगाया है. प्राथमिकी में घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने की बात भी कही गयी है.

थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: सड़क पर घुटने भर पानी में बच्चों के साथ तैरे पूर्व मुखिया, जलजमाव पर अनोखा प्रदर्शन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >