Darbhanga: पैसे के लेन-देन में पति की हत्या का आरोप, साक्ष्य मिटाने के लिए कराया दाह संस्कार

दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र से पैसे के विवाद में हत्या का एक गंभीर मामला सामने आया है. मृतक की पत्नी ने अपने पति के रिश्तेदारों पर पैसों के लेन-देन को लेकर हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए शव दाह संस्कार करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने अंतिम संस्कार स्थल से जले हुए अवशेष बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

Darbhanga News: बहेड़ी थाना क्षेत्र के बसकट्टी गांव से पैसे के लेन-देन को लेकर हत्या कर शव का दाह संस्कार कर दिए जाने का मामला सामने आया है. मृतक की पत्नी गीता कुमारी ने अपने पति संतोष यादव की हत्या का आरोप लगाते हुए उनके रिश्तेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने अंतिम संस्कार स्थल से जले अवशेष बरामद कर जांच के लिए सुरक्षित किये हैं.

पैसे की मांग को लेकर चल रहा था विवाद

प्राथमिकी में गीता कुमारी ने आरोप लगाया है कि उनके पति के नाना चनमाना गांव निवासी बोकाई यादव ने संतोष यादव को कुछ रुपये दिये थे. संतोष ने ये रुपये अपनी मामी मेम देवी के पास रखे थे. नाना की मृत्यु के बाद संतोष ने मामी से रुपये वापस मांगे, लेकिन वह लगातार टाल-मटोल करती रही.

आरोप है कि रुपये मांगने पर मेम देवी ने संतोष को धमकी भी दी थी. इसी बीच 13 अगस्त की शाम करीब सात बजे संतोष का ममेरे भाई सुजीत यादव उसके पास पहुंचा और मामी के बुलाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया.

पांच लोगों पर हत्या का आरोप

गीता कुमारी ने आरोप लगाया है कि सुजीत यादव के साथ अजित यादव, मेम देवी, गंगा विष्णु यादव और भगता यादव ने मिलकर उनके पति की हत्या कर दी.

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की सुबह करीब चार बजे उन्हें पति की मौत की सूचना मिली. बाद में आरोपित संतोष का शव लेकर गांव पहुंचे. पीड़िता ने पुलिस को सूचना देने की बात कही, लेकिन आरोपितों ने उसकी बात नहीं मानी और आनन-फानन में शव का दाह संस्कार कर दिया.

अंतिम संस्कार स्थल से मिले जले अवशेष

मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि हत्या के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव का दाह संस्कार किया गया. उन्होंने धमकी और डर के कारण प्राथमिकी दर्ज कराने में विलंब होने की बात भी कही है.

थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने उस स्थान की खुदाई करायी, जहां संतोष यादव का अंतिम संस्कार किया गया था. फोरेंसिक टीम की मदद से वहां से जले हुए अवशेष बरामद कर सुरक्षित किये गये हैं.

पुलिस ने बरामद अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष के अनुसार आवेदन में लगाए गये आरोपों के आधार पर मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: आइटी कंपनियों को दरभंगा एसटीपीआइ से जोड़ने की पहल, गोपालजी ठाकुर ने दिया आमंत्रण


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >