Darbhanga News: कवच परियोजना के तहत शनिवार को मनीगाछी थाना परिसर में मानव व्यापार, बाल श्रम, बाल विवाह एवं बंधुआ मजदूरी उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने की. कार्यशाला की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई.
अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के लिए अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है. उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखनी चाहिए. घर का माहौल, नशे की लत और आसपास का हिंसक वातावरण बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव डालता है, इसलिए अभिभावकों को इन बातों से बचना चाहिए.
बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील
सेंटर डायरेक्टर की प्रखंड समन्वयक बबीता कुमारी ने कहा कि बच्चों को शिक्षित करना हर अभिभावक की जिम्मेदारी है. उन्होंने बाल श्रम और बाल विवाह से दूर रखने, बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की. साथ ही स्कूलों में बच्चों की नियमित उपस्थिति पर निगरानी रखने की भी सलाह दी.
प्रतिभागियों ने ली जागरूकता की शपथ
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मानव व्यापार, बाल श्रम, बाल विवाह और बंधुआ मजदूरी के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा इन कुप्रथाओं के उन्मूलन के लिए सामूहिक शपथ ली.
मौके पर एसआई सुनील कुमार, राजेश कुमार सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, चंदन कुमार झा, रावनेश्वर चौधरी, पवन कुमार झा, भुवनेश्वर सहनी, अब्दुल कलाम, भोला पासवान सहित थाना के सभी पुलिसकर्मी और चौकीदार मौजूद थे.
