Darbhanga News: डेंगू, मलेरिया समेत अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर दरभंगा नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है. नगर निगम की ओर से शहर के छोटे-बड़े नालों की सफाई के साथ एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाएगा. इसे लेकर नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता ने सभी जमादारों और जोन प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया है.
सभी नालों की सफाई के बाद होगा छिड़काव
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की नियमित रूप से साफ-सफाई कराते हुए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए. मच्छरों के प्रजनन स्थल को खत्म करने के उद्देश्य से अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया गया है.
जोन प्रभारी करेंगे निगरानी
आदेश के अनुसार सभी जोन प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर एंटी लार्वा छिड़काव कार्य की निगरानी करेंगे. नगर निगम प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी संबंधित क्षेत्रों में दवा का छिड़काव समय पर हो.
सभी वार्डों में उपलब्ध करायी जाएगी दवा
गोदाम प्रभारी अनूप कुमार को प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार एंटी लार्वा दवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. नगर निगम ने अधिकारियों और कर्मियों को अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है.
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
नगर आयुक्त की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. नगर निगम का उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाकर डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों के खतरे को कम करना है.
यह भी पढ़ें: बीडीओ से मारपीट पर आक्रोश, विरोध में काली पट्टी बांधकर किया काम
