Benipur News: बेनीपुर अंचल कार्यालय की नजारत शाखा पिछले चार माह से बंद पड़ी है. तत्कालीन नाजिर श्याम चंद्र मिश्र के तबादले के बाद अब तक किसी कर्मी ने विधिवत प्रभार नहीं लिया है. इसके कारण शाखा में ताला लटका हुआ है और कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, पूर्व नाजिर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने के बाद कई बार बेनीपुर अंचल कार्यालय पहुंचकर प्रभार सौंपने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई अधिकारी या कर्मी प्रभार लेने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है. इससे नजारत शाखा का नियमित संचालन पूरी तरह ठप है.
यह भी पढ़ें: दरभंगा में छात्र-शिक्षक अनुपात के आधार पर होगा शिक्षकों का रेशनलाइजेशन
नक्शा प्रिंटिंग सहित कई सेवाएं ठप
नजारत शाखा बंद रहने का सबसे अधिक असर आम लोगों पर पड़ रहा है. नक्शा प्रिंटिंग समेत कई आवश्यक प्रशासनिक कार्य लंबे समय से बाधित हैं. रोजाना अंचल कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को जरूरी कार्य नहीं होने के कारण निराश होकर लौटना पड़ रहा है.
कार्यालय कर्मियों का कहना है कि प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण शाखा का नियमित संचालन संभव नहीं हो पा रहा है.
इस संबंध में प्रभारी अंचलाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही अंचल का प्रभार ग्रहण किया है. मामले की जानकारी ली जा रही है. जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर नजारत शाखा का संचालन और नक्शा प्रिंटिंग का कार्य सुचारु कराया जाएगा.
