Darbhanga News: अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात), बिहार एवं दरभंगा के नोडल पदाधिकारी सुधांशु कुमार ने रविवार को एसएसपी कार्यालय में जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की. बैठक में संवेदनशील मामलों, अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और पुलिसिंग की कार्यप्रणाली को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.
पुलिस पर हमले और हर्ष फायरिंग पर सख्ती
बैठक में मिथिला क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक, एसएसपी, नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
एडीजी ने पुलिस पर हमले से जुड़े मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में त्वरित अनुसंधान और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
इसके साथ ही शादी-विवाह, जुलूस और अन्य आयोजनों में हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
अवैध शराब और सांप्रदायिक मामलों पर भी समीक्षा
बैठक में सांप्रदायिक घटनाओं से जुड़े लंबित और निष्पादित मामलों की समीक्षा की गई. अधिकारियों को संवेदनशील मामलों में सतर्कता बरतते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया.
इसके अलावा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा शराब तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया गया. त्वरित विचारण वाले मामलों में अनुसंधान तेज करने और अभियोजन को मजबूत बनाने के भी निर्देश दिए गए.
भवन निर्माण, सीसीटीएनएस और सड़क सुरक्षा पर जोर
एडीजी ने थाना और ओपी भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा कराने को कहा. साथ ही आई-रेड (iRAD) और ई-दार (eDAR) प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सीसीटीएनएस में सभी आंकड़ों को समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए.
जमीन विवादों की नियमित निगरानी करें
उन्होंने अधिकारियों को जमीन विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई करने, स्थानीय स्तर पर नियमित निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया.
एडीजी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए सभी पुलिस पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें.
