नये साल पर भक्तों की भीड़ से पटा कुशेश्वरस्थान मंदिर परिसर.
देर शाम तक जारी रहा
भजन-कीर्तन का सिलसिला
कुशेश्वरस्थान : प्रखंड क्षेत्र के आसो गांव स्थित अंकुरित जागेश्वरनाथ महादेव के शिवलिंग पर जलाभिषेक को लेकर अहले सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ मंदिर में लगी रही. नव वर्ष के आगमन पर श्रद्धालु अहले सुबह से ही नदी-तलाब में स्नान कर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ पूजा-अर्चना को लेकर पहुंचते रहे. आस-पड़ोस गांव के साथ ही दूर-दराज से शिवभक्तों की टोली देर-शाम तक पहुंचते रहे. वहीं मंदिर प्रांगण में सुबह से ही भजन कीर्तन का शुरू हुआ दौर देर-शाम तक जारी रहा. वहीं औराही, कटवारा घाट, बेरि सहित अनेक शिवालय व देवी मंदिरों में लोग पूजा-अर्चना के संग नव वर्ष मनाने में लगे रहे. भगवती मंदिर औराही नव वर्ष के मौके पर भजन कीर्तन का कार्यक्रम देर शाम तक जारी रहा.
अहल्यास्थान व गौतमाश्रम में उमड़े लोग
नववर्ष 2017 की धुंध की चादर में लिपटी सुबह के बाद करीब 11 बजे सूर्यदेव की लालिमा के साथ पर्यटक स्थल अहल्यास्थान और गौतम आश्रम गुलजार होने लगा. यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा. आसपास के स्कूल परिसर, रेलवे स्टेशन के समीप गायत्री मंदिर परिसर सहित आम के बगीचे में लोग नव वर्ष पर अपने-अपने अंदाज में पिकनिक मनाने में लगे रहे. आसपास के गांव सहित दूर-दराज गांव के लोग भी सपरिवार पहुंचे. शाकाहारी, मांसाहारी भोजन बनाकर उसका मजा लिया. बड़े-बुजुर्गों से नव वर्ष पर आशीर्वाद लेने की धमा-चौकड़ी में बच्चे भी पीछे नहीं रहे. अहले सुबह से हैप्पी न्यू ईयर एक-दूसरे को जुबान से ही कह कर बधाई देने में लगे रहे.
