Bihar Train News: गर्मियों की छुट्टियों में घर जाने की टेंशन अब खत्म होने वाली है क्योंकि रेल प्रशासन ने न केवल नई मेमू ट्रेनों के रूट का विस्तार किया है, पश्चिम बंगाल जाने वालों के लिए रक्सौल से हावड़ा के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का भी ऐलान किया है.
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नरकटियागंज-दरभंगा और सिकटा-मुजफ्फरपुर के बीच नई मेमू ट्रेनों की टाइम टेबल जारी कर दी है. इसके साथ ही, रक्सौल से हावड़ा के बीच चलने वाली समर स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को भीषण गर्मी और भीड़ के बीच कंफर्म सीट मिलने की उम्मीद जगी है.
नरकटियागंज और सिकटा से अब सीधा सफर, पूरा शेड्यूल
अब यात्रियों को दरभंगा और मुजफ्फरपुर जाने के लिए रक्सौल पर निर्भर नहीं रहना होगा. मेमू पैसेंजर ट्रेन संख्या 63373 शाम 6:45 बजे दरभंगा से चलकर रात 1:55 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 63374 रात 2:35 बजे नरकटियागंज से रवाना होकर सुबह 8:45 बजे दरभंगा पहुंचेगी.
इसी तरह सिकटा से मुजफ्फरपुर के बीच भी कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है. ट्रेन संख्या 63313 मुजफ्फरपुर से शाम 6:40 बजे चलकर रात 11:55 बजे सिकटा पहुंचेगी. सुबह तड़के 4:00 बजे ट्रेन संख्या 63314 सिकटा से प्रस्थान करेगी और सुबह 9:35 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचा देगी. इस बदलाव से न केवल स्थानीय व्यापारियों को फायदा होगा, बल्कि नेपाल से आने वाले यात्रियों के लिए भी यात्रा आसान हो जाएगी.
उत्तर बिहार से बंगाल जाना हुआ आसान
गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने रक्सौल-हावड़ा-रक्सौल (05503/05504) स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन रक्सौल से 22 और 26 अप्रैल को रवाना होगी, जबकि हावड़ा से इसकी वापसी 23 और 27 अप्रैल को होगी.
यह स्पेशल ट्रेन सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर और बरौनी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. रक्सौल से यह शाम 4:00 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 8:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी. रास्ते में बैरगनिया, जनकपुर रोड, कमतौल, किऊल, जमुई, जसिडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, दुर्गापुर, बर्धमान और बंडेल जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है.
