समस्तीपुर में दिनदहाड़े शूटआउट, बाइक सवार दो युवकों पर बरसी गोलियां, एक की मौत, दूसरे की स्थिति गंभीर

Bihar Crime News: समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े दो युवकों को गोली मार दी. इस हमले में एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.

Bihar Crime News: समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई. बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की.

इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को पहले कल्याणपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया है.

घटनास्थल से हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक बुलेट बाइक, एक पिस्टल और रिवॉल्वर बरामद किया है. साथ ही कुछ खोखा भी मिला है, जिससे साफ है कि कई राउंड फायरिंग हुई है. फिलहाल पुलिस इन सभी सबूतों को जब्त कर जांच में जुटी है.

दो बाइक पर सवार थे चार युवक

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से पहले दो अलग-अलग बाइक पर सवार चार युवक माधोपुर चौक के पास आपस में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया. बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने आगे जाकर ‘सबक सिखाने’ की धमकी दी.

पीछे से आकर बरसाईं गोलियां

कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद पीछे से आ रहे बाइक सवारों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से बुलेट चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दूसरा युवक जान बचाने के लिए खेत की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे भी गोली मार दी.

पहचान अब तक नहीं, जांच जारी

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक और घायल की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. संजय पांडे ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. पुलिस इस घटना को प्रारंभिक तौर पर गैंगवार से जोड़कर देख रही है. हालांकि, फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या है, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है.

Also Read: ‘सदन में सिर्फ अपने घर की महिलाएं ही भेजना चाहता है विपक्ष’, CM सम्राट बोले- ये मंशा कभी पूरी नहीं होगी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >