मेरी क्रिसमस . िगरजाघर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दरभंगा : क्रिसमस को लेकर रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ वीआइपी रोड स्थित रोमन कैथोलिक चर्च में उमड़ पड़ी. शाम ढलते ही भीड़ इतनी हो गयी कि पांव रखने की भी वहां जगह नहीं थी. प्रशासन महकमा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सजग था. शाम में कैथोलिक चर्च सतरंगी रोशनी से नहा गया. भीड़ बढ़ जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी थी. वाहन सड़क पर रेंगते नजर आ रहे थे. बाहर में युवाओं की खूब भीड़ देखी गयी. युवा सेल्फी लेने में व्यस्त दिखायी पड़े.
चर्च के अंदर आने और जाने का अलग-अलग रास्ता होते हुए भी पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में पसीने छूट रहे थे. श्रद्धालु चर्च में जाकर यीशू मसीह के चित्र के सामने कैंडल जला रहे थे. महिला पुलिस महिलाओं को सावधान रहकर दर्शन करने का अनुरोध कर रही थी. गिरजाघर के बाहर लगा बाजार रंग-बिरंगे चीजों से पटा पड़ा था.
बाहर मोमबत्ती लेने के लिए लोगों की खूब भीड़ देखी गयी. बच्चे गुब्बारे संग खेलते नजर आ रहे थे. युवक और युवतियां गोलगप्पे खाकर मेले का आनंद ले रहे थे. आसपास का इलाका दूधिया रोशनी से नहाया हुआ था.
चर्च के पादरी चार्ल्स ने बताया कि इस बार सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. प्रशासन पूरी तरह चौकस है. चार्ल्स ने लोगों को ख्रीस्त जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दी. उन्होंने बताया कि चर्च शाम छह बजे तक दर्शनार्थियों के लिए खुला रहेगा. लोगों से गिरजाघर के मुख्य द्वार से ही दर्शन करने का अनुरोध किया जाता रहा. चर्च के पादरी ने लोगों को प्रभु ईशा मसीह के जीवन की महत्ता बताया. कहा कि प्रभु यीशू ने मानवों के अति निर्धन एवं दयनीय परिस्थिति को अपनाया. वे कोई राजमहल या घर में नहीं बल्कि गाय-भेड़ों की गोशाला में जन्म लिये, ताकि अमीर, गरीब, छोटे, बड़े के भेदभाव को दूर कर सकें.
