निगम ने खड़े किये हाथ सफाई में जुटे शहरवासी

खानापूरी. दो-चार कर्मियों के भरोसे हो रही घाटों की सफाई दरभंगा : शहर में करीब 245 पोखर हैं. इसमें छठ पर्व के मद्देनर कुल 91 तालाबों को निगम चिह्नित कर साफ-सफाई करने की बातें कर रहा है. दीपावली से पूर्व इन तालाबों के घाटों पर सफाई अभियान जोर-शोर से चलाये जाने का दावा है. जमीनी […]

खानापूरी. दो-चार कर्मियों के भरोसे हो रही घाटों की सफाई

दरभंगा : शहर में करीब 245 पोखर हैं. इसमें छठ पर्व के मद्देनर कुल 91 तालाबों को निगम चिह्नित कर साफ-सफाई करने की बातें कर रहा है. दीपावली से पूर्व इन तालाबों के घाटों पर सफाई अभियान जोर-शोर से चलाये जाने का दावा है. जमीनी हकीकत दावे से मेल नहीं खा रही. घाटों की साफ-सफाई की व्यवस्था हवाई ज्यादा दिख रही है. निगम की ओरसे तालाबों पर दो-चार कर्मी लगाकर सफाई की खानापूरी की जा रही है. लोग छठ पूर्व घाटों के चकाचक होने को लेकर सशंकित नजर आ रहे हैं.
वार्ड नंबर 14 के चूनाभट्ठी दुर्गा मंदिर पोखर की सफाई करने से निगम ने हाथ खड़ा कर दिया है. उसका कहना है कि यह तालाब उनके जिम्में नहीं है. निगम के रवैये को देख स्थानीय लोग पोखर की खुद सफाई शुरू कर दिये हैं. तालाब से जलकुंभी निकाल रहे सत्तो सहनी, दिनेश सहनी, महेंद्र सहनी, बुधन सहनी आदि का कहना है कि सफाई को ले जोन प्रभारी एवं निगम के अधिकारी को मोबाइल कर सूचना दी गयी थी. निरीक्षण के लिए आये अधिकारी ने पोखर को निगम के अधीन नहीं होने की बात कही.
पोखर की सफाई करने का काम जलकर लगाने वालों का बताया. साथ ही कहा गया कि पोखर के बाहरी भागों में फैले कचरे का उठाव कर लिया जायेगा. सफाई में जुटे लोगों का कहना था कि इसके बाद इन लोगों ने स्वयं पोखर की साफ-सफाई शुरू कर दी. इस पोखर में चूनाभट्ठी एवं सैदनगर मुहल्ले के लोग छठ पर्व करने आते हैं. पोखर के चारों ओर ईंटों केी ढेर लगाने एवं झोपड़ियां बनाकर अतिक्रमण कर लेने से छठ पूजा करने में समस्या आ रही है.
अधिकतर घाटों का चकाचक होना मुश्किल
धीमी गति से चल रही सफाई व्यवस्था
घाटों की साफ-सफाई को लेकर कहीं दो तो कहीं चार कर्मी मंगलवार को नजर आये. धर्मपुर पोखर पर चार, हराही पोखर पर चार, बागमती नदी के प्रधान घाट पर दो, बगुला चौक घाट पर तीन कर्मी साफ-सफाई करते नजर आये. घाटों पर पसरे कचरे की भरमार और उठाने के लिए लगाये गये कमियों की संख्या से समय पर सफाई को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं.
बागमती नदी के घाटों की सफाई कर रहे कर्मी किनारे की गंदगी को नदी में ही डाल रहे थे. वहीं कर्मी के द्वारा साफ किये गये जगहों पर लोग घरों से निकले कचरा डाल रहे थे. मना करने पर लोग कर्मी से ही उलझ पड़ते थे.
समुचित साफ-सफाई को लेकर संसाधन के अनुरूप पर्याप्त कर्मी लगाये गये हैं. छठ से दो दिन पहले लोगों को साफ-सुथरा घाट मिलेगा. चूनाभट्ठी पोखर को निगम की ओर से सफाई नहीं करने की बात गलत है.
गौड़ी पासवान, मेयर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >