Darbhanga: उधारी के चक्कर में हत्या, दुकान में छिपाया शव

Darbhanga News: दरभंगा के रानीपुर में लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप लिया. होलसेल दुकानदार ने पड़ोसी किराना व्यापारी की गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस ने दुकान तोड़कर शव बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. पढे़ं पूरी खबर…

Darbhanga News: दरभंगा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर गांव में मंगलवार की देर शाम मामूली लेन-देन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया. एक होलसेल दुकानदार ने अपने ही पड़ोसी किराना दुकानदार बबलू यादव की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल व्याप्त है.

शव छिपाकर भाग रहा था आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बबलू यादव अपने पड़ोसी होलसेल दुकानदार से उधार पर सामान लेकर अपनी छोटी सी किराना दुकान चलाता था. पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. मंगलवार शाम विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने बबलू की गला दबाकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को दुकान के अंदर ही बंद कर दिया और मौके से फरार होने की कोशिश की.

दरवाजा तोड़कर बरामद किया शव

घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. सदर थाना की पुलिस बिना देरी किए मौके पर पहुंची और बंद दुकान का दरवाजा तोड़कर बबलू यादव का शव बरामद किया. पुलिस की सक्रियता के कारण आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया.

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्ध दुकानदार से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से छानबीन कर रही है. फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे.

यह भी पढे़ं: Darbhanga: तिलकेश्वर महादेव मंदिर में भव्य महारुद्र यज्ञ, शिवमय हुआ इलाका

दरभंगा से सतीश कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >