दुस्साहस. मरीज के परिजनों ने डीएम को मामले से कराया अवगत
परिजनों ने डीएम से की शिकायत
दरभंगा : एकमी घाट गांव निवासी संजय कुमार यादव दो साल की पुत्री नंदिनी को लेकर सोमवार को डीएमसीएच के अल्ट्रासाउंड जांच घर पहुंचे. शिशु रोग विभाग ने मरीज को गंभीर बताकर शीघ्र जांच रिपोर्ट लाने की सलाह दी. इस जांच घर के एक कर्मी को जांच पूर्जा सौंपा गया. नंबर देने वाले कर्मी ने एक माह बाद की तिथि देकर परिजन को जाने को कहा. परिजन ने कर्मी को बताया कि इस बीच मरीज मर जायेगा तो यह जांच की तिथि लेकर क्या करेंगे. इसपर कर्मी ने परिजन को धक्का देकर बाहर निकाल दिया. आक्रोशित परिजन समाहरणालय पहुंचकर डीएम कार्यालय से शिकायत की.
परिजन को अस्पताल अधीक्षक के पास भेजा गया. समाहरणालय के आदेश पर प्रभारी अस्पताल अधीक्षक डॉ बालेश्वर सागर ने मरीज का अल्ट्रासाउंड जांच कराया. लेकिन मामला यहां तक ही नहीं थमी. परिजन को एक कागज पर लिखकर जांच रिपोर्ट थमा दिया लेकिन जांच प्लेट नहीं दिया गया. परिजन ने बताया कि जांच प्लेट नहीं मिलने की शिकायत 23अगस्त को सीधे डीएम से करेंगे. साथ ही परिजनों के साथ अशोभनीय व्यवहार के बारे में भी जानकारी दी जायेगी.
