दरभंगा : लहेरियासरया थाना के एक दारोगा ने गुरुवार को एक युवक को बेरहमी से पीटा. इससे उसका सिर फट गया है. शरीर के कई हिस्सों में गहरे चोट के निशान हैं. युवक ने इसकी शिकायत एसएसएसपी से की है.
स्थिति की गंभीरता को देख एसएसपी ने एएसपी दिलनवाज अहमद को मामले की जांच की जिम्मेवारी सौंपी है. एसएसपी ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषी पाये जाने पर दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. जख्मी युवक लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भीगो निवासी हरि सहनी का पुत्र अजय कुमार सहनी बताया जाता है.
घायल अजय ने बताया कि पड़ोसी महेंद्र सहनी के साथ उसका एक वर्ष से रास्ते को लेकर विवाद है. विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत भी हुई. इसी विवाद को लेकर महेंद्र सहनी ने थाना में आवेदन दिया था. गुरुवार को लहेरियासराय थाना के एसआइ तारिक अनवर चार पुलिस कर्मियों के साथ उसके घर पहुंचे.
पुलिस ने उसकी अनुपस्थिति में उसके भाई छोटू सहनी को जीप बैठा लिया. हालांकि, स्थानीय लोगों के विरोध पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया. इसी दौरान अजय वहां पहुंचा, जिसे एसआइ ने अपनी जीप में बैठा लिया. अजय का आरोप है कि रास्ते में जीप में ही एसआइ सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने डंडे व लात घूंसे से उसकी पिटाई की. इस संबंध में एएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान अगर एसआइ दोषी होंगे, तो एसएसपी के निर्देश पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.
