दरभंगा : अगले दो दिनों में मानसून पूर्व अच्छी बारिश होगी. यह बारिश दरभंगा समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में होगी. मंगलवार को 15 से 19 जून तक के लिये जारी मौसम पूर्वानुमान में राजेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय पूसा के ग्रामीण मौसम परामर्शी सेवा केन्द्र ने बताया है कि मानसून आने के पहले उत्तर बिहार के जिलों में अगले 24 से 72 घंटों में अच्छी वर्षा की संभावना है. दरभंगा, गोपालगंज, मधुबनी, मुजफ्फपुर, पूर्वी तथा पश्चिमी चम्पारण,
शिवहर, सीतामढी एवं सिवान जिलों में अगले तीन दिनो के अन्दर औसतन 40 – 70 मिलीमीटर तक वर्षा की संभावना है. कही-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है. बेगूसराय एवं समस्तीपुर जिलों में हल्की वर्षा की संभावना है. हालाकि इन दो जिलों में भी कहीं-कहीं मध्यम वर्षा हो सकती है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रह सकती है तथा न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस बीच रहने का अनुमान है. पूर्वानुमान की अवधि में औसतन 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से मुख्यत: पुरवा हवा चलने की संभावना है. हवा की तार वर्षा के दौरान अधिक हो सकती है.
