दरभंगा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान की गयी पुलिसिया पिटाई तथा दर्ज की गयी प्राथमिकी के खिलाफ अनशन पर बैठे एमएसयू कार्यकर्ताओं का सोमवार को डीडीसी विवेकानंद झा ने अनशन समाप्त कराया.
श्री झा व एएसपी रमाशंकर राय अनशन स्थल पर पहुंचे. एमएसयू के छात्रों के विरूद्ध दर्ज केस में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. एक हफ्ते का उन्होंने समय लिया. उनके आश्वासन पर सदस्यों ने अनशन समाप्त किया. उल्लेखनीय है कि गत 4 मई को सीएम कॉलेज में चल रहे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान उन्हें मांगों का ज्ञापन सौंपने के लिए यूनियन के सदस्य पहुंचे. सुरक्षा में खड़े पुलिस अधिकारियों ने अंदर जाने से रोक दिया.
इसके बाद दोनों में जिच बढ़ गयी. पुलिस ने लाठी-डंडे से इन सभी की पिटाई कर दी. चार सदस्यों को हिरासत में ले लिया. इसमें विमल कुमार मैथिल, सागर नवदिया, निकिता गुप्ता व अमित सिंह शामिल थे. इसी दिन लहेरियासराय थाने में इन चारों के विरूद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गयी.
यूनियन का कहना था कि वे मिथिला क्षेत्र के विकास के लिए बंद पड़े चीनी मिल को चालू करवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे. कोई उग्र प्रदर्शन नहीं किया. यूनियन के सदस्य समाहरणालय के समक्ष शनिवार से अनशन पर बैठ गये. रविवार को दो सदस्यों की हालत खराब हो गयी थी़
