दरभंगा : लनामिवि के इतिहास में पहली बार यह मौका मिला है कि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किसी राष्ट्रीय सेमिनार का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री आ रहे हैं. यह बातें कामेश्वर चेयर के निदेशक सह संयोजन समिति के संगठन सचिव डा. विनोद कुमार चौधरी ने प्रेसवार्ता के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि विकास का समाजशास्त्र विषयक दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार 4 एवं 5 मई को होगी. इसका आयोजन महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह मेमोरियल चेयर व यूजीसी द्वारा किया जायेगा.
पहले दिन चार मई को सीएम कॉलेज के ललित कर्पूरी भवन में सेमिनार का 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन करेंगे जो एक बजे तक चलेगा. मौके पर नगर विकास मंत्री महेश्वर हजारी, खाद्य आपूर्ति मंत्री मदन सहनी, भूमि सुधार मंत्री डा मदन मोहन झा, सुलभ इंटरनेशनल के डा विंदेश्वर पाठक, जेएनयू के प्रो आनंद कुमार आदि बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे. इसके आयोजन के मुख्य संरक्षक सह स्वागताध्यक्ष लनामिवि कुलपति प्रो साकेत कुशवाहा होंगे. डा चौधरी ने कहा कि सेमिनार से जुड़ी तैयारी पूरी कर ली गयी है. उन्होंने कहा कि पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद डेढ़ बजे से सामाजिक विकास में महाराजाधिराज की भूमिका विषयक शैक्षणिक सत्र का आयोजन होगा.
इसका उद्घाटन सुलभ इंटरनेशनल के डा. विंदेश्वर पाठक करेंगे एवं इसमें बतौर मुख्य वक्ता रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के प्रो चौधरी शशांक शेखर ठाकुर, प्रो हेमंत कुमार, प्रो श्रुतिधारी सिंह, प्रो आनंद कुमार भाग लेंगे. सेमिनार के दूसरे दिन 5 मई को मिथिला विश्वविद्यालय के पीजी समाजशास्त्र विभाग में साढ़े नौ बजे से कार्यक्रम शुरू होगा. पीजी समाजशास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त वरीय शिक्षक प्रो हेतुकर झा की अध्यक्षता में स्वच्छता की संस्कृति एवं सामाजिक विकास विषयक संगोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता डा. विंदेश्वर पाठक के अलावा दिल्ली विवि के प्रो नीलरतन, प्रो अकरम, भावनगर विवि गुजरात के डा. बाघेला आदि भाग लेंगे. विभागाध्यक्ष डा. मीरा मिश्रा की अध्यक्षता में महिला सशक्तीकरण एवं सामाजिक विकास विषयक संगोष्ठी में मुख्य वक्ता डा. कालीनाथ झा, डा. सरोज चौधरी आदि होंगे.
पटना विवि के एएन कॉलेज के डा. अजय कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा और सामाजिक विकास विषयक संगोष्ठी में मुख्य वक्ता डा. गोपीरमण प्रसाद एवं बीएन मंडल मधेपुरा विवि के डा. अनिलकांत की अध्यक्षता में दलित सशक्तीकरण एवं सामाजिक विकास विषयक संगोष्ठी में मुख्य वक्ता डा. सत्यनारायण पासवान आदि भाग लेंगे. पीजी विभागाध्यक्ष डा. मीरा मिश्रा की अध्यक्षता में सुशासन एवं सामाजिक विकास विषयक संगोष्ठी के मुख्य वक्ता डा. विद्यानाथ मिश्र होंगे. इसके अलावा संगोष्ठी के अन्य विषयों पर खुला विमर्श पूर्व विभागाध्यक्ष डा. नागेंद्र कुमार की अध्यक्षता में होगी. इसमें डा. संजीव कुमार, डा. अलख निरंजन सिंह आदि भाग लेंगे. उन्होंने कहा कि सुलभ इंटरनेशनल के 51 प्रतिनिधि भाग लेंगे जिसमें 12 प्रतिनिधि नेत्रहीन भी शामिल होंगे.
