दरभंगा : जिले में यातायात पुलिस की मनमानी का शिकार कई बार वाहन चालकों को बनना पड़ता है. इनकी मनमानी का आलम यह है कि प्रतिदिन अहले सुबह वाहन चालकों से पैसा वसूलने के बाद उन्हें जाने दिया जाता है. यह पैसा हाथ मिलाकर लिये जाने की बात सामने आती है.
बुधवार को रुपया मांगने की बात को लेकर टेंपो चालकों की ओर से हंगामा करते हुए रोड जाम कर दिया गया. जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर लगभग 12 बजे विवि थाना क्षेत्र के बाघमोड़ के निकट एक टेपों चालक गाड़ी खड़ी किये हुआ था. इसी दौरान वहां तैनात ट्रैफिक जवान ने रुपये की मांग की.
चालक ने पैसा देने से इंकार कर दिया. इसपर गुस्सा कर उसने टेंपो चालक की पिटाई कर दी. मामले की जानकारी मिलते ही कई टेंपो चालक एकत्र हो गये. अपने साथी की पिटाई से नाराज चालकों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए रोड जाम कर दिया.
सभी चालक अत्यधिक आक्रोशित थे तथा यातायात पुलिस के जवान पर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे. विपरीत समय देख जवान गायब हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय थाना की पुलिस तत्काल वहां पहुंच गयी.
पुलिस कर्मियों की ओर से समझाने के बाद मामला शांत हुआ. शांत होने के बाद सभी चालक अपने काम पर लौट गये. जाम के दौरान सकड़ के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी. कई लोग तो पैदल ही अपने गंतव्य स्थल की ओर चल दिये. थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ठाकुर ने पूछने पर बताया कि मामले को लेकर किसी ने आवेदन नहीं दिया गया है.
