कुशेश्वरस्थान (दरभंगा) : कुशेश्वरस्थान से एक किमी दूर भदौन गांव के पास कमला नदी की उपधारा में नाव पलटने से 15 लोग डूब गये. इनमें से चार का शव निकाल लिया गया है. मरनेवालों में तीन महिलाएं व एक पुरुष है.
सभी एक ही परिवार के हैं. तीन लोगों का इलाज पीएचसी में चल रहा है. दो बच्चों का शव ढूंढने में प्रशासन जुटा है. बाकी लोग किसी तरह नदी से तैरकर बाहर आ गये. सभी भदौन गांव से राशन केरोसिन कूपन लेने के लिए प्रखंड मुख्यालय आ रहे थे. घटना बुधवार को करीब 11 बजे हुई.
इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ प्रखंड मुख्यालय व सतीघाट पीएनबी चौक सड़क को जाम कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ विवेक रंजन फरार हो गये, जबकि थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा व डीएसपी मुकुल रंजन मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया.
जानकारी के अनुसार, राशन केरोसिन कूपन प्रखंड मुख्यालय पर वितरित किया जा रहा है. वितरण बीडीओ कर रहे हैं. मसानखो पंचायत के पंचायत सचिव कौशल किशोर सिंह ने कहा था कि कूपन तभी मिलेगा जब सभी सदस्य आयेंगे. इस सूचना पर पंचायत के भदौल गांव के लोग नाव पर सवार होकर प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत सचिव के आवास पर कूपन लेने के लिए आ रहे थे.
नाव पर 15 लोग सवार थे. इसी दौरान नाव असंतुलित होकर पलट गयी. इससे सभी 15 लोग नदी में डूब गये. इसमें मो अब्बास के पुत्र मो लालो (30), मो लालो की पत्नी अनीशा खातून (30), मो लालो की भाभी व मो शाहिद की पत्नी गुलशन खातून (32) की मौत हो गयी. इनका शव नदी से निकाल लिया गया. वहीं मो लालो के दो बच्चों का पता नहीं चल सका है. उन्हें निकालने के लिए प्रशासन गोताखोरों की मदद ले रहा है.
तीन लोगों को नदी से निकालकर इलाज के लिए पीएचसी में भरती कराया गया है, जिसमें मो सुलेमान की पत्नी शहनाज खातून, श्याम शर्मा की पत्नी श्यामला देवी व मो मोती शामिल हैं. अन्य लोग किसी तरह नदी से बाहर निकल गये. बताया जाता है कि घटना के बाद लोग बीडीओ विवेक रंजन के प्रति काफी आक्रोशित हैं. लोगों का कहना है कि यदि पंचायतों में कूपन बंटता, तो यह हादसा नहीं होता.
मृतक के परिजनों को मिलेंगे चार-चार लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक तीन लोग मरे हैं. जिन दो बच्चों के लापता होने की बात कही जा रही है, वह गांव में ही हैं.
मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिया जायेगा. मामले की जांच बिरौल एसडीओ मो शफीक करेंगे. एसडीओ की ओर से जांच रिपोर्ट मिलने पर बीडीओ व पंचायत सचिव कार्रवाई की जायेगी.
रवि कुमार, डीएम दरभंगा
